ब्रेकिंग: खैरागढ़ के पूर्व भाजपा विधायक के खिलाफ यौन शोषण का आपराधिक मामला दर्ज

पार्टी की ही महिला नेत्री ने लगाए गंभीर आरोप, IG दफ्तर कर रहा निगरानी

पुलिस ने निष्पक्ष जांच का दिया आश्वासन, महिला की पहचान रखी गई गुप्त

रायपुर/ खैरागढ़। विधानसभा क्षेत्र खैरागढ़ के पूर्व भाजपा विधायक कोमल जंघेल के खिलाफ छुईखदान थाने में यौन शोषण के आरोपों को लेकर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि शिकायत स्वयं उनकी ही पार्टी की एक महिला नेत्री ने दर्ज कराई है।

पीड़ित भाजपा नेत्री ने पुलिस प्रशासन से माँगी सुरक्षा
लिखित शिकायत में गंभीर आरोप लगाते हुए नेत्री ने अलग से एक आवेदन देकर अपनी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखने का आग्रह किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि नाम, पता अथवा अन्य व्यक्तिगत विवरण सार्वजनिक हुए तो उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। मामले के सार्वजनिक होते ही क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और विभिन्न स्तरों पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

आईजी कार्यालय से की जा रही निगरानी
मामले की संवेदनशीलता और आरोपी नेता की राजनीतिक हैसियत को देखते हुए जांच की प्रत्यक्ष निगरानी आईजी कार्यालय से की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि जांच उच्चाधिकारियों के दिशानिर्देशों के अनुरूप आगे बढ़ाई जा रही है। साक्ष्यों का संकलन, संबंधित पक्षों के बयान, इलेक्ट्रॉनिक एवं दस्तावेजी प्रमाणों की जांच सहित सभी पहलुओं पर विधिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने दिया निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रक्रिया को किसी भी बाहरी दबाव या राजनीतिक प्रभाव से मुक्त रखते हुए निष्पक्षता से पूरा किया जाएगा। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपुष्ट जानकारियों और अफवाहों से दूर रहें तथा जांच को प्रभावित करने वाले कयासों से बचें, क्योंकि कानून की नजर में सभी नागरिक समान हैं और निर्णय तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर ही लिया जाएगा।

जानें कौन हैं पूर्व विधायक कोमल जंघेल
बता दें कि कोमल जंघेल पूर्व विधायक और संसदीय सचिव रह चुके हैं। कोमल जंघेल का लोधी समाज में अच्छा खासा प्रभाव है। कोमल जंघेल पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के करीबी माने जाते हैं. 2018 में विधानसभा के आम चुनाव में कोमल जंघेल कांग्रेस के लहर के बीच अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई थी. वे महज 870 वोट से चुनाव हारे थे, जबकि कांग्रेस के गिरवर जंघेल तीसरे स्थान पर थे. कोमल जंघेल दो बार के विधायक रहे हैं।

Spread the word