एचटीपीएस की मेजबानी में पाॅवर कंपनीज अंतरक्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारंभ

कोरबा पश्चिम की टीम बिलासपुर को 3-0 से हराकर फाइनल में पहुंची

कोरबा 31 जनवरी 2026– छत्तीसगढ़ स्टेट पाॅवर कंपनीज की अंतरक्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता शनिवार को कोरबा पश्चिम में शुरू हो गई है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अभियंता श्री एचके. सिंह ने अपने प्रतिद्धंदी खिलाड़ी को बाॅल की सर्विस देकर किया।

इस अवसर पर मुख्य अभियंता ने कहा कि खिलाड़ी खेल भावना के साथ मैदान पर उतरें और खेल का आनंद लें। गौरतलब है कि अंतरक्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता की मेजबानी इस बार हसदेव ताप विद्युत संयंत्र, कोरबा पश्चिम कर रहा है। पिछले वर्ष यह खेल स्पर्धा मुख्यालय रायपुर में आयोजित की गई थी।

रविंद्र सांस्कृतिक मंच (सीनियर क्लब) के भवन  में यह स्पर्धाएं चल रही हैं। खेल में पाॅवर कंपनीज की सात टीम हिस्सा ले रही हैं। इनमें रायपुर सेंट्रल, दुर्ग रीजन, डीएसपीएम कोरबा पूर्व, एबीटीवीएस मड़वा, रायपुर रीजन, एचटीपीएस कोरबा पश्चिम और बिलासपुर रीजन शामिल हैं।

दो पुलों में मैच हुए। एक में चार एवं दूसरे में तीन टीम शामिल रहीं। कोरबा पश्चिम ने बिलासपुर को 3-0 से हराते हुए फाइनल मैच में जगह बना ली है। समाचार लिखे जाने तक दुर्ग रीजन और रायपुर सेंट्रल के बीच सेमीफाइनल मुकाबला जारी है। शुभारंभ समारोह में विद्युत गृह से अतिरिक्त मुख्य अभियंता केएनबी. राव, पीके. जोशी, एसके. नायर और परियोजना प्रबंधक एसके पंड्या  उपस्थित रहे।

Spread the word