सूरजपुर में जलने से बची यात्रियों से भरी बस, मसनकी घाट पर टला बड़ा हादसा

सूरजपुर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में आज एक बड़ा सड़क हादसा होने से बाल-बाल बच गया। सूरजपुर की ओर आ रही एक यात्री बस में अचानक आग (Bus Fire in Surajpur) लग गई। यह घटना जिले के मसनकी घाट के पास घटित हुई, जहाँ धुआं उठते ही बस में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।
मसनकी घाट के पास धुआं देख सहम गए यात्री
जानकारी के अनुसार, यात्री बस अपनी नियमित गति से सूरजपुर की ओर बढ़ रही थी। जब बस मसनकी घाट के पास पहुँची, तो अचानक बस के इंजन वाले हिस्से से गहरा धुआं निकलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक की सतर्कता के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई। जैसे ही चालक ने धुआं देखा, उसने बिना देरी किए बस को सुरक्षित किनारे खड़ा कर दिया।
40 से अधिक यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
बस के रुकते ही उसमें सवार 40 से अधिक यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए यात्री बस की खिड़कियों और दरवाजों से बाहर की ओर कूदने लगे। राहत की बात यह रही कि बस में आग पूरी तरह फैलने से पहले ही सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए थे।
