पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत शहीद आरक्षकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की बीमा सहायता

कोरबा 20 जनवरी। छत्तीसगढ़ शासन और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के समन्वय से लागू पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत जिला पुलिस कोरबा में पदस्थ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बीमा सुविधाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना बीमा और आकस्मिक मृत्यु बीमा जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं शामिल हैं, जिससे पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ रहे आरक्षक कृष्ण कुमार खड़िया (निधन दिनांक 28 सितंबर 2025) और आरक्षक सुरेन्द्र लहरे (निधन दिनांक 7 सितंबर 2025) के आकस्मिक निधन के बाद उनके परिजनों को पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत 10-10 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई।

बीमा राशि का वितरण पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.), भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक श्री मृत्युंजय वर्मा एवं श्री रामेश्वर कुमार, मुख्य प्रबंधक, आईटीआई शाखा कोरबा की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि पुलिस कर्मी समाज की सुरक्षा के लिए कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस सैलरी पैकेज योजना पुलिस कर्मियों के परिवारजनों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कोरबा जिला पुलिस भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से अपने पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि कर्तव्य के दौरान किसी भी आकस्मिक घटना की स्थिति में परिवार को संबल मिल सके।

Spread the word