जागरूकता पखवाड़ा का हुआ समापन

कोरबा 12 जनवरी। एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर ने कहा है कि वर्ष 2026 में बेसिक पुलिसिंग के साथ ट्रैफिक कंट्रोल, एक्सीडेंट में कमी के साथ महिला सुरक्षा हमारी विशेष प्राथमिकता का हिस्सा है। इस दिशा में ठोस रणनीति के साथ कार्य किए जाएंगे। उम्मीद है कि इस दिशा में हमारे सभी प्रयत्न भलीभूत होंगे।

पुलिस लाइन के सभाकक्ष में महिला सुरक्षा जागरूकता पखवाड़ा के समापन पर आयोजित कार्यक्रम में नीतिश ठाकुर ने यह बात कही। एडिशनल एसपी ने कहा कि महिलाओं को व्यापक अधिकार दिए गए हैं और इसके साथ उनसे संबंधित मामलों में त्वरित कार्यवाही की जा रही है। बालिकाओं से लेकर किशोरी, युवतियों और महिलाओं की सुरक्षा तय होनी ही चाहिए। पुलिस ने 1 जनवरी से शुरू किए गए महिला सुरक्षा जागरूकता पखवाड़ा में अनेक कार्यक्रम करने के साथ सम्यक जानकारी उपलब्ध कराई। नीतिश ठाकुर ने कहा कि कार्य क्षेत्र के साथ-साथ अन्य स्थानों पर महिलाओं को अनुकूल वातावरण प्राप्त हो, यह सबसे बड़ी आवश्यकता है। समाज में आशाजनक बदलाव इसे लेकर हो, यह भी एक कोशिश है। पखवाड़े के समापन पर महिला प्रतिनिधियों की उपस्थिति कार्यक्रम में दर्ज हुई।

इस मौके पर पखवाड़े के तहत किए गए कार्यों की जानकारी दी गई। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक पैकरा, टीआई भावना खंडारे सहित महिला पुलिस और महिला सेक्टर में अलग-अलग स्थान पर अपनी भूमिका निभाने वाले प्रतिनिधियों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बताया गया कि जो तथ्य कार्यक्रम में उभरकर सामने आए उसके आधार पर पुलिस आगे कार्य करेगी। उसने यह भी स्पष्ट किया कि जिन बिंदुओं पर फोकस किया गया है वे हमेशा ध्यान में रखे जाएंगे।

Spread the word