धान नहीं बिकने से परेशान किसान ने किया जहर का सेवन, हालत गंभीर

सांसद ज्योत्सना महंत पहुंचीं अस्पताल

कोरबा 12 जनवरी। जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां धान खरीदी में अव्यवस्था से परेशान एक किसान ने आत्मघाती कदम उठाते हुए जहर का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में किसान को आनन-फानन में जिला अस्पताल कोरबा में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पीड़ित किसान की पहचान ग्राम पुटा, हरदीबाजार निवासी सुमेर सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सुमेर सिंह पिछले एक महीने से अपना धान बेचने के लिए भटक रहा था, लेकिन न तो धान की खरीदी हो पा रही थी और न ही टोकन मिल रहा था। आरोप है कि धान खरीदी केंद्र के फड़ प्रभारी द्वारा उसे लगातार आज-कल कहकर टाल दिया जा रहा था। किसान ने अपनी समस्या को लेकर जनदर्शन में भी आवेदन दिया था, लेकिन वहां से भी कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। लगातार उपेक्षा और मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया।

घटना की सूचना मिलते ही कोरबा प्रवास पर रहीं सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने किसान से मुलाकात कर उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी प्राप्त की। सांसद ने संबंधित अधिकारियों को मामले की गंभीरता से जांच कर किसान को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस घटना के बाद धान खरीदी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। किसानों का कहना है कि यदि समय पर धान की खरीदी और टोकन की व्यवस्था सुचारु होती, तो किसी अन्नदाता को इस तरह का कदम उठाने की नौबत नहीं आती।

Spread the word