कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक निजी अस्पताल के एंबुलेंस चालक की मौत हो गई. यह घटना जेंजरा इलाके की बताई जा रही है, जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.

मृतक युवक प्राइवेट हॉस्पिटल हरिकृष्ण में एंबुलेंस चालक के रूप में कार्यरत था. जानकारी के अनुसार, वह ड्यूटी पूरी करने के बाद छुट्टी पर बाइक से अपने घर जा रहा था. रात्रि करीब 12 बजे के आसपास यह हादसा हुआ। घटना के बाद घायल और उसकी बाइक अलग अलग जगहों पर पड़ी रहे और किसी की भी नजर उस पर नहीं गई.

सुबह राहगीरों ने घायल युवक को सड़क किनारे पड़ा देखा और तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची.

कटघोरा पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच की जा रही है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे की असल वजह का पता लगाया जा सके.

Spread the word