वन विभाग ने ग्राम गडकटरा में दी दबिशः 2 लाख से अधिक की अवैध लकड़ी जब्त

कोरबा 09 जनवरी। वनमंडल कोरबा के अंतर्गत बालको वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर ग्राम गडकटरा में की गई छापामार कार्रवाई के दौरान तीन घरों से भारी मात्रा में कीमती लकड़ी और चिरान बरामद की गई है। जब्त लकड़ी की बाजार में कीमत 2 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने दी दबिश
वन विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम गडकटरा के कुछ घरों में अवैध वनोपज का भारी भंडारण किया गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए बालको परिक्षेत्र अधिकारी जयंत सरकार और पसरखेत परिक्षेत्र अधिकारी देवदत्त खांडे के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की गई। इस टीम में बालको, पसरखेत, लेमरू और कोरबा परिक्षेत्र के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल थे।
सर्च वारंट के साथ तीन घरों में तलाशी
सर्च वारंट के आधार पर विभाग की टीम ने दल-बल के साथ ग्राम गडकटरा के तीन संदिग्ध घरों में तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से संग्रहित बीजा और साल प्रजाति की लकड़ी एवं चिरान बरामद की गई।
