दीपका में शराब भट्टी के अहाते में युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा 29 दिसम्बर। जिले के दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत देसीदृअंग्रेजी शराब भट्टी के पास बने आहते में सोमवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कृष्ण कुमार निराला (55 वर्ष) के रूप में हुई है। वे एसईसीएल के कर्मचारी थे और ऊर्जा नगर कॉलोनी, दीपका के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कृष्ण कुमार सोमवार को सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच शराब लेकर भट्टी परिसर स्थित आहते में पहुंचे थे, जहां उन्होंने शराब का सेवन किया। कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे वहीं गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कृष्ण कुमार ने शराब पी थी, लेकिन अचानक हुई मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है, जिससे मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Spread the word