CG BREAKING : हटाए गए रतन लाल डांगी, IPS अजय यादव होंगे पुलिस अकादमी प्रमुख

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस अकादमी, चंदखुरी के निदेशक पद से 2003 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी आईजी रतनलाल डांगी को हटा दिया है। यह कार्रवाई एक उप निरीक्षक (एसआई) की पत्नी द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद की गई है। वहीं, 2004 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अजय कुमार यादव को नया प्रभारी निदेशक नियुक्त किया गया है।

गृह विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता द्वारा बुधवार को जारी आदेश के अनुसार, महिला ने पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने आईजी डांगी पर यौन एवं मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया था। सूत्रों के अनुसार, शिकायत दर्ज होने के 14 दिन बाद तैयार प्रारंभिक रिपोर्ट में आईजी डांगी को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करने की अनुशंसा की गई थी। आगे की जांच जारी रहेगी और आरोप सिद्ध होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

डांगी ने पहले अपने बचाव में दावा किया था कि उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है और उन्होंने इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को पूर्व में ही सूचित कर दिया था। आरोपों और पलट दावों के बीच हुई गोपनीय तथ्य–संग्रह प्रक्रिया के बाद यह प्रशासनिक निर्णय लिया गया।
नए आदेश के अनुसार, आईपीएस अजय कुमार यादव, जो फिलहाल रायपुर रेंज में पदस्थ हैं, अब पुलिस अकादमी, चंदखुरी के अतिरिक्त प्रभार निदेशक होंगे।

Spread the word