प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं विद्यालय शिक्षक आवास का हुआ भूमि-पूजन

कोरबा 26 अक्टूबर। जिले के ग्राम अजगरबहार में विकास के दो महत्वपूर्ण कार्यों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारी आवास और प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक आवास के भूमि-पूजन के साथ-साथ राशनकार्ड वितरण समारोह आयोजित हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह उपस्थित रहे, जिन्होंने भूमि-पूजन कर विकास कार्यों की नींव रखी।

स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों क्षेत्र में हुआ विकास का शुभारंभ
भूमिपूजन कार्यक्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी आवास के साथ-साथ शिक्षक आवास निर्माण कार्य का भी शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. पवन सिंह ने कहा कि “स्वास्थ्य और शिक्षा किसी भी समाज की रीढ़ हैं। जब हमारे स्वास्थ्यकर्मी और शिक्षक ग्राम में रहकर सेवा देंगे, तभी ग्राम में स्थायी विकास संभव होगा। सरकार की यह योजना ग्रामीण अंचलों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। स्वास्थ्य सेवाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं और शिक्षा समाज की सबसे बड़ी पूंजी। कर्मचारी एवं शिक्षक आवास बनने से सेवाओं की गुणवत्ता में वृद्धि होगी, जिससे आमजन को लाभ मिलेगा।”

राशनकार्ड वितरण से ग्रामीणों में दौड़ी खुशी की लहर
भूमिपूजन कार्यक्रम के साथ ही ग्रामीणों को नवीन राशनकार्ड वितरण किया गया। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों ने शासन की योजनाओं के प्रति आभार जताया। डॉ. पवन सिंह ने कहा कि राशनकार्ड वितरण से पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा का लाभ मिलेगा। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी परिवार भूखा न रहे और हर व्यक्ति को योजनाओं का लाभ सीधे प्राप्त हो।

उक्त कार्यक्रम अंतर्गत जनपद उपाध्यक्ष कौशल्या कंवर ने कहा की “यह ग्राम के समग्र विकास की दिशा में बड़ा कदम हैं। स्वास्थ्य केंद्र और विद्यालय दोनों के लिए आवास निर्माण से कर्मचारियों को सुविधा मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाओं की निरंतरता बनी रहेगी। यह पहल ग्राम की दशा और दिशा बदलने का कार्य करेगी।”

कार्यक्रम में सरपंच नारायण सिंह सोनपुरी, जनपद सदस्य रफीक मेमन, पूर्व जनपद सदस्य थान सिंह, बहोरन सिंह, धनगांव सरपंच कलेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष अमर सिंह, जोगेश्वर कंवर सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने भूमि पूजन और राशनकार्ड वितरण कार्यक्रम में भाग लिया। अंत में ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह के नेतृत्व में हो रहे जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की और कहा कि उनके मार्गदर्शन में कोरबा जिले में विकास कार्यों की गति और जनसहभागिता दोनों बढ़ी हैं।

Spread the word