हिस्ट्रीशीटर ने बंदूक अड़ा ट्रांसपोर्टर से लूटे पैसे.. दी जान से मारने की धमकी

कोरबा 25 अक्टूबर। शहर के एक आदतन अपराधी ने एक ट्रांसपोर्टर की छाती पर बंदूक अड़ाकर न केवल उससे पैसे लूटे बल्कि उसे जान से मार देने की धमकी भी दी। बता दें की आरोपी पर पूर्व से ही गैर जमानती धाराओं में अपराध पंजीबद्ध है जिसमें वह जमानत पर चल रहा है। इसके बावजूद उसके द्वारा घटना को अंजाम दिया जाना अपराधियों के मन में कानून और पुलिस का भय नही होने की ओर इशारा करता है।

घटना की शिकायत करते हुए प्रार्थी आयुष कुमार सिंह निवासी फेस 1, आर.पी. नगर, कोरबा द्वारा अपने लिखित आवेदन में बताया गया कि वह ट्रांसपोर्टिंग का कार्य करते हैं। दिनांक 22 अक्टूबर 2025 की रात 12 से 1 बजे के बीच निहारिका फेस 1 दशहरा मैदान के पास वह अपने ट्रेलर में बैटरी लगवा रहे थे। इसी दौरान आरोपी अंचल अग्रवाल उर्फ जीनी अपने साथी दीपक शर्मा के साथ वहां पहुंचा और उनकी छाती पर बंदूक अड़ाकर गाली गलौज करने लगा और कहा ” तू बहुत होशियार बनता है तेरे ट्रेलर को आग लगा दूंगा और तू कोई बुलेट प्रूफ गाड़ी में नहीं घूमता है कहीं अकेला दिखा तो जान से मार दूंगा “। इसके पश्चात आरोपी अंचल अग्रवाल उर्फ जीनी ने प्रार्थी को जेब में रखे सारे पैसे निकालने को कहा। घबराकर प्रार्थी ने अपनी जेब में रखे 1500 रुपये निकाल कर आरोपी जीनी अग्रवाल को दे दिए। प्रार्थी अनुसार यह पूरी घटना निकट लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद है।

प्रकरण में सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी अंचल अग्रवाल उर्फ जीनी निवासी पंडित रविशंकर शुक्ल नगर, कोरबा व दीपक शर्मा निवासी फेस 2, आर.पी. नगर, कोरबा के विरुद्ध बी.एन.एस की धारा 296, 351(2), 309(4) अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है।

हिस्ट्री शिटर है आरोपी, अपराध जगत से है पुराना नाता

प्राप्त जानकारी अनुसार आरोपी अंचल अग्रवाल उर्फ जीनी कोरबा पुलिस के लिए कोई नया नाम नही है। आरोपी का अपराध जगत से पुराना नाता है और नगर के विभिन्न थाना और चौकियों में उसके विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध है। आरोपी जीनी अग्रवाल के विरुद्ध अवैध शराब बेचने, चुनाव में हिंसा करने समेत रामपुर थाना में एट्रोसिटी एक्ट अंतर्गत तथा सिविल लाइन थाने में ही गैर जमानती धाराओं पर अपराध पंजीबद्ध है। आरोपी मानिकपुर चौकी, थाना कोतवाली के निगरानी गुंडा बदमाश सूची में भी शामिल है।

आरोपी जीनी अग्रवाल के विरुद्ध पूर्व में एक युवक का मोबाइल 10,000 में गिरवी रख ₹ 25,000 वसूलने तथा मोबाइल को बिना जानकारी के अनलॉक कर निजी तस्वीरों से छेड़छाड़ करके युवक को ब्लैकमेल करने के मामले में भी अपराध दर्ज हो चुका है।

Spread the word