पिकनिक स्पॉट में हादसा: नहाते वक्त गहरे पानी में डूबा युवक, मौत से मचा हड़कंप

कोरबा। राजगामार चौकी क्षेत्र के एक पिकनिक स्पॉट में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात युवक का शव पानी में तैरता हुआ मिला। बताया जा रहा है कि युवक बीती रात अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए यहां आया था। इसी दौरान नहाते वक्त वह गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही राजगामार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोस्तों से पूछताछ कर पूरी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं। पुलिस ने सभी से अपील की है कि बिना सुरक्षा उपायों के पानी में न उतरें।
