हरदीबाजार से जुडे समस्याः अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर ग्रामसभा आगे टली

कोरबा 04 अक्टूबर। साउथ इस्टर्न कोलफील्डस लिमिटेड दीपका क्षेत्र के विस्तार को लेकर कवायद के बीच हरदीबाजार से जुड़ मसले पर ग्रामसभा टल गई। इसके लिए आज का दिन तय किया गया था। एसडीएम और तहसीलदार के नहीं पहुंचने से अब अगली तारीख की प्रतीक्षा की जा रही है।
इससे पहले 2 अक्टूबर को हरदीबाजार में हुई ग्राम सभा में लोगों ने मुआवजा और दूसरी सुविधाओं को सुनिश्चित किये बिना नहीं करने देने का प्रस्ताव पारित किया। इस मौके पर और भी कई निर्णय लिए गए। लोगों ने कहा राष्ट्र निर्माण में हम निश्चित रूप से भागीदारी करेंगे लेकिन पुस्तैनी जमीन देने के मामले में किसी भी जबरिया कोशिश का पुरजोर विरोध होगा। ग्रामीणों ने दीपका सीजीएम संजय मिश्रा और इसी कंपनी के नोडल आफिसर अधिग्रहण नितेश मधु को हटाने की मांग की।
इधर पहले के प्रदर्शन और गतिरोध को देखते हुए 4 अक्टूबर को त्रिपक्षी वार्ता हरदीबाजार में करने का निर्णय हुआ है। खबर है कि अधिग्रहण के सिलसिले में गेवरा क्षेत्र में काम हो रहा है। पुलिस की फोर्स वहां भेजी गई है। अधिकारी भी व्यस्त है। इसलिए हरदीबाजार की विशेष सभा टाल दी गई। कहा जा रहा है कि कोयला खदानों से उद्योगों की जरूरतें पूरी की जानी है। राजस्व में बढ़ोतरी का काम भी इसी के जरिये होना है। इसलिए प्राथमिकता के तौर पर खदानों से जुड़े कार्यों को कराया जा रहा है।
बार-बार हो रहे मंत्री व अधिकारियों के दौरे
कोयला खदानों के संचालन में आ रही सभी तरह के बाधाओं को दूर करने पर सरकार का ध्यान है। उसने सबसे ज्यादा वरीयता इस प्रकार की परियोजनाओं को दे रखी है। इसलिए कोरबा जिले में खदानों से जुड़े मसलों को दूर करने पर ध्यान दिया जा रहा है। पिछले दिनों जी किशन रेड्डी का दौरा हुआ। उसके बाद कोयला राज्यमंत्री भी इस क्षेत्र में पहुंचे। जबकि भारत सरकार ने कोल मंत्रालय के सचिव से लेकर दूसरे स्तर के अधिकारी लगातार यहां आने के साथ राज्य शासन से समन्वय बनाने में लगे हैं। उनका कहना है कि सरकार के फ्लैगशिप योजनाओं को क्रियान्वित करने के लिए राज्य का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
