एक साथ जीना तो दूर मर भी ना सके, कोरबा की अधूरी प्रेम कथा

कोरबा। मोहब्बत से लबरेज दो दिलों ने साथ जीने, साथ मरने की कसम ली थी; लेकिन किस्मत ने उन्हें ऐसा धोखा दिया कि ना तो वे साथ साथ जी सके और न ही साथ साथ मर सके।

यह कहानी है प्यार करने वाले दो दिलों की। छत्तीसगढ़ के कोरबा में गुरुवार को सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि हसदेव नदी में एक युवक बाढ़ में फंस गया है और मदद की गुहार लगा रहा है। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस और नगर सेना की टीम ने नदी के तेज प्रवाह के बीच फंसे युवक को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू के बाद शहर के काशी नगर निवासी युवक राहुल ने जो जानकारी दी उससे पुलिस चौंक गई। राहुल ने बताया कि उसके साथ एक युवती ने भी जान देने के इरादे से गेरवा घाट पुल से नदी में छलांग लगाई थी। वह तो नदी के बीच टीले में पहुंचकर सुरक्षित बच गया, मगर युवती का कोई पता नहीं चल रहा है।

राहुल ने पुलिस को बताया कि वह और एम पी नगर निवासी एक युवती आपस में प्यार करते थे। वे दोनों शादी कर एक साथ जीवन बिताना चाहते थे। उसने अपने परिवार को शादी के लिए सहमत कर लिया था, मगर युवती का परिवार राजी नहीं हो रहा था। राहुल के अनुसार बुधवार की शाम वह, युवती की मां से मिला था और शादी के लिए सहमति मांगी थी। लेकिन उन्होंने साफ इनकार कर दिया था।

राहुल ने बताया कि युवती एक डेंटल क्लिनिक में जॉब करती थी। गुरुवार को सुबह के समय रोज की तरह युवती जॉब पर जाने के लिए अपने घर से निकली। लेकिन जॉब पर नहीं जाकर उससे मिलने आ गई। दोनों बाइक में गेरवा घाट पुल पर पहुंचे। यहां उन्होंने एक साथ वेज बिरयानी खाया और अपने संबंध पर और ताजा हालत पर चर्चा करते रहे। राहुल के अनुसार युवती ने एकाएक निराश होकर कहा कि हमारी शादी नहीं हो सकती तो चलो मर जाते हैं। इसके बाद हम दोनों ने एक दूसरे का हाथ पकड़ कर बाढ़ से उफनती नदी में जान देने के लिए छलांग लगा दी। लेकिन पानी में गिरते ही उनका हाथ छूट गया। राहुल तो तेज बहाव के साथ नदी के बीच टीले में पहुंच गया लेकिन युवती पानी में आगे कहीं बह गई।

राहुल से मिली इस जानकारी के बाद पुलिस और नगर सेना की टीम एक बार फिर युवती की तलाश में हसदेव नदी में उतरी। परंतु देर शाम तक युवती का कोई पता नहीं चला। अंधेरा होने के बाद अभियान पर विराम लग गया। अनौपचारिक चर्चा में एक पुलिस कर्मी ने कहा कि नदी के तेज बहाव में युवती आगे बह गया होगी और अब उसके जीवित होने की संभावना बहुत कम है।

सिटी कोतवाली के प्रभारी एम बी पटेल, टाउन इंस्पेक्टर, कोरबा ने बताया कि हसदेव नदी में बाढ़ में एक युवक के फंस जाने की सूचना मिली थी। पुलिस और नगर सेना की टीम ने सफल रेस्क्यू कर युवक को सुरक्षित बाहर निकला लिया है। बाहर आने के बाद युवक ने बताया कि उसके साथ एक युवती ने भी जान देने के इरादे से नदी में छलांग लगाई थी, जिसका कोई पता नहीं है। पुलिस ने युवती की खोज का प्रयास किया, मगर उसका पता नहीं चला। मामला प्रेम प्रसंग का है।

Spread the word