‘मोदी की मां को गाली देकर ताली बजवाने वाले बिहार से…’, बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस पर कसा तंज

महमूदाबाद (सीतापुर)। बिहार में कांग्रेस से मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां पर की गई टिप्पणी पर कैसरगंज से पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि देश में कोई भी व्यक्ति पीएम मोदी तो क्या किसी मां की ऐसे आलोचना नहीं कर सकता है जैसे कांग्रेस के लोग कर रहे हैं। ऐसा करके यह लोग अपनी कब्र खोद रहे हैं। मोदी की मां को गाली देकर ताली बजवाने वाले बिहार से खाली हाथ लौटेंगे। वह गुरुवार को महमूदाबाद के ठठेरी बाजार के रामलीला मैदान पर आयोजित जल विहार महोत्सव में हिस्सा लेने आए थे। कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की शिक्षा, संस्कार व लालन-पालन पर भी कटाक्ष किया।
उन्होंने बाराबंकी के श्रीराम स्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय में एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर किए गए लाठीचार्ज की निंदा की। इस प्रकरण पर ओमप्रकाश राजभर की टिप्पणी के संबंध में उन्होंने कहा कि वह हल्के व्यक्ति हैं। जल विहार समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बोलेते हुए कहा-सनातन धर्म का अपमान करने वालों को अपने बारे पता करने की जरूरत है।
पृथ्वी पर निवास करने वाले सभी मनु की संताने हैं। कर्म के आधार पर मानव को चार वर्णों के आधार पर विभाजित किया गया था। उन्होंने जाति और धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों से जनता को सावधान रहने की नसीहत दी।
