अडाणी के दफ्तर से संचालित हो रही है-विष्णुदेव साय की सरकार/ छत्तीसगढ़ में आर्थिक नाकेबंदी पूर्णतः सफल रही: भूपेश बघेल
भूपेश बोले- अहमदाबाद से अमन सिंह चला रहे विष्णुदेव की सरकार, छत्तीसगढ़ की संपदा लूट रहे, बस्तर में जंगल कट गए, तमनार में जंगल कट गए, षडयंत्र के तहत जल-जंगल जमीन को लूटा जा रहा है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे की गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस ने 33 जिलों में 2 घंटे तक चक्काजाम किया। इस दौरान रायपुर में भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आर्थिक नाकेबंदी सफल रही है। यहां विष्णुदेव की सरकार अहमदाबाद से चल रही है। अडाणी के दफ्तर से संचालित हो रही है।
बघेल ने कहा कि सरकार को रमन कार्यकाल में मुख्य सचिव रहे अमन सिंह चला रहे हैं। अमन सिंह और अडाणी मिलकर अहमदाबाद से चला रहे हैं। छत्तीसगढ़ की संपदा को लूटना चाहते हैं। बस्तर में जंगल कट गए, तमनार में जंगल कट गए। षडयंत्र के तहत जल-जंगल जमीन को लूटा जा रहा है।
भूपेश ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनते ही सरगुजा में पेड़ों की अवैध कटाई हो गई। हसदेव में जंगल कट गए। तमनार में जंगल कट गए। किसी के खिलाफ FIR नहीं हुई। ये छत्तीसगढ़ की संपदा और जल-जंगल जमीन को बचाने की लड़ाई है।

भूपेश बघेल ने फेसबुक पर पोस्ट कर अडाणी और सरकार को घेरा।
वहीं सरगुजा, बस्तर, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संईभाग की सड़कों पर कांग्रेसियों ने ED और बीजेपी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सरगुजा में कांग्रेसी रघुपति राघव गाकर विरोध जताया। बिलासपुर में सकरी-पेंड्रीडीह फ्लाईओवर के नीचे चक्काजाम किया। पेंड्रा में कांग्रेसियों ने बारिश के बीच प्रदर्शन किया।
जानिए छत्तीसगढ़ में क्यों हो रही है आर्थिक नाकेबंदी ?
दरअसल, 18 जुलाई को भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को भिलाई से ED (प्रवर्तन निदेशालय) ने गिरफ्तार किया है। ED का आरोप है कि शराब घोटाले की रकम से चैतन्य को 16.70 करोड़ रुपए मिले हैं। शराब घोटाले से मिले ब्लैक मनी को रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में इन्वेस्ट किया गया। रायपुर की स्पेशल कोर्ट ने चैतन्य को 22 जुलाई तक ED की 5 दिन की रिमांड पर भेजा है।
कवर्धा में कांग्रेस ने एनएच-30 किया जाम, ED के खिलाफ की नारेबाजी
कवर्धा में कांग्रेस ने एनएच-30 जाम कर दिया। छिरहा चौक बाईपास पर कांग्रेसियों ने ईडी और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस प्रशासन मौके पर तैनात रहा, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता काफी देर तक सड़क पर जमे रहे, जिससे आवाजाही में लोगों को 2 घंटे तक परेशानियां हुई।
कोंडागांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया चक्काजाम
कोंडागांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शहर के कई हिस्सों में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेताओं को डराने के लिए ईडी का सहारा लिया जा रहा है। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। कांग्रेसी डरने वाले नहीं हैं, न झुकने वाले हैं।
धरसींवा में बिलासपुर हाईवे पर चक्काजाम, NSUI ने जलाया टायर
NSUI के राष्ट्रीय सचिव हनी बग्गा के नेतृत्व में रायपुर के धरसींवा में बिलासपुर हाईवे पर चक्काजाम किया गया। विरोध प्रदर्शन में ट्रक के टायर जलाए और नारेबाजी की।
चरणदास महंत बोले- अडाणी छत्तीसगढ़ को लूटने का काम कर रहे
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में प्रदेशभर में नाकेबंदी की गई है। छत्तीसगढ़ को लूटने आए हैं, हमारे कोयला को जंगल को लूटने आए हैं। अडाणी हो या अंबानी हो अगर छत्तीसगढ़ को लूटेंगे तो हम एक साथ प्रदेशभर में आंदोलन करेंगे। हमारे नेताओं को ED और EOW के तहत फंसाते हैं। लखमा को अंदर नहीं, देवेंद्र यादव को, कवासी लखमा और भूपेश बघेल के बेटे को जेल में डाला। ये सब छत्तीसगढ़ में नहीं चलेगा।
बीच सड़क पर कुर्सी लगाकर धरने पर बैठे चरणदास महंत, बारिश में कुर्सियों से बचते दिखे कांग्रेसी
जांजगीर चांपा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सड़क के बीच कुर्सी रखकर धरने पर बैठ गए। उधर, भारी बारिश के बीच कांग्रेस कार्यकर्ता खुद को कुर्सियों से ढकते नजर आए।
केंद्र में भाजपा की सरकार थी, इसलिए भ्रष्टाचार करने पर कार्रवाई नहीं हुई- ताम्रध्वज साहू
पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार में कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। रमन सरकार के कार्यकाल में जितने घोटाले हुए थे, उनको विधानसभा में उठाया गया, लेकिन केंद्र में भाजपा की सरकार थी, इसलिए कोई कार्रवाई नहीं हुई।
भिलाई में 2 घंटे जाम रहा नेशनल हाईवे, अडाणी और सरकार के खिलाफ नारेबाजी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुर्ग भिलाई राष्ट्रीय राजमार्ग 53 को जाम कर दिया और दो घंटे तक सड़क पर बैठे रहे। युवा कांग्रेस ने अडाणी और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान एम्बुलेंस और स्कूल बसों को निकलने का रास्ता दिया गया
