गोपाल इंटक छोडकर साथियों समेत एटक में हुए शामिल

कोरबा 15 जुलाई। कोयला क्षेत्र में सक्रिय श्रमिक संगठनों की सदस्यता अभियान के बीच सोमवार को गेवरा क्षेत्र में आयोजित एस.के.एम.एस. (एटक) के भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। इंटक के पूर्व अध्यक्ष और कोयला क्षेत्र के जमीनी नेता गोपाल यादव ने अपने दर्जनों साथियों के साथ इंटक छोडकर एटक की सदस्यता ग्रहण की।एस.ई.सी.एल. गेवरा क्षेत्र इकाई द्वारा आयोजित इस कार्यकर्ता सम्मेलन में विशेष रूप से एस.के.एम.एस. (एटक) के केंद्रीय महामंत्री कामरेड अजय विश्वकर्मा उपस्थित रहे। सम्मेलन में गेवरा क्षेत्र के सम्मानित सदस्य, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
गोपाल यादव का बड़ा फैसला, एटक को मिलेगा मजबूती
गोपाल यादव लंबे समय से कांग्रेस संगठन में विभिन्न पदों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और इंटक के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी मजबूत पकड़ बनाई थी। कोयला क्षेत्र के जमीनी नेता होने के कारण श्रमिकों के बीच उनकी अच्छी खासी पैठ रही है। अब उनके एटक से जुडने से संगठन को नई ताकत और दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है।कार्यकर्ता सम्मेलन में श्री यादव ने कहा कि वे एटक के विचारों और कार्यशैली से प्रभावित होकर संगठन में शामिल हो रहे हैं और भविष्य में श्रमिक हितों की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
सदस्यता अभियान में मिली बड़ी सफलता
कोयला क्षेत्र में इस समय विभिन्न श्रमिक संगठन सदस्यता बढ़ाने के लिए जोर-शोर से कार्यक्रम कर रहे हैं। इसी कड़ी में आयोजित इस सम्मेलन में गोपाल यादव जैसे वरिष्ठ नेता का एटक में प्रवेश संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। सम्मेलन में मौजूद एटक के पदाधिकारियों और सदस्यों ने नए साथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और भविष्य में श्रमिकों की आवाज को और बुलंद करने का संकल्प लिया।
