गुजरात से 250 अवैध बांग्लादेशियों को उनके देश भेजा गया, ‘मिनी बांग्लादेश’ पर चला था बुलडोजर…

नईदिल्ली/ वडोदरा/ अहमदाबाद. गुजरात सरकार ने राज्य में पकड़े गए अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को अमरीका की तर्ज पर डिपोर्ट किया। राज्य के विभिन्न हिस्सों से उन्हें हथकड़ी पहनाकर कड़ी सुरक्षा के बीच बसों से वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन लाया गया। एक विशेष विमान में 250 अवैध बांग्लादेशियों को उनके देश भेज दिया गया। इन्हें अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट समेत विभिन्न शहरों से पकड़ा गया था।
राज्य के गृह मंत्रालय ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर बांग्लादेशियों को डिपोर्ट करने की प्रक्रिया पूरी की। पूरी कार्रवाई एटीएस की देख-रेख में हुई। इससे पहले भी अ वडोदरा से 300 से ज्यादा घुसपैठियों को ढाका भेजा जा चुका है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार के आदेश पर पूरे देश में अवैध प्रवासियों के खिलाफ अभियान चलाया गया था।

गुजरात में सूरत, अहमदाबाद, वडोदरा और दूसरे शहरों में संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच की गई। इनमें कई बांग्लादेशी प्रवासी शामिल थे। ये आधे अधूरे दस्तावेजों के साथ गुजरात में रह रहे थे। तब राज्य के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा था कि सरकार इन्हें कानूनी प्रक्रिया पूरी कर वापस बांग्लादेश भेजेगी। पिछले दो महीनों में राज्य में अवैध रूप से रह रहे करीब 1,200 से ज्यादा बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान की गई। हिरासत में लिए गए कई लोगों के पास जाली आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य पहचान दस्तावेज मिले।

‘मिनी बांग्लादेश’ पर चला था बुलडोजर…
अवैध बांग्लादेशियों के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई अहमदाबाद में हुई। पुलिस ने जब चंडोला झील इलाके को अतिक्रमण मुक्त कराया, वहां काफी संख्या में अवैध बांग्लादेशियों का पता चला। इलाका मिनी बांग्लादेश के तौर पर जाना जाता था। झील के आसपास अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई दो चरण में पूरी हुई थी।
