बालको नगर में राम मंदिर से निकलेगी रथ यात्रा

कोरबा 25 जून। भगवान जगन्नाथ भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की रथ यात्रा के लिए बालको नगर क्षेत्र में उत्कल समाज व हिंदू समाज तैयारी में जुटा हुआ है। बड़े पैमाने पर आयोजन यहां पर विगत कई वर्षों से हो रहा है।

आयोजन समिति के पदाधिकारी ने बताया कि 27 जून को रथ यात्रा महोत्सव धूमधाम के साथ यहां संपन्न होना है। रथ निर्माण की प्रक्रिया जोर-शोर से चल रही है। आषाढ़ शुक्ल द्वितीया को दोपहर बाद बेला कछार श्री राम मंदिर परिसर में पूजा अर्चना के साथ भगवान की रथयात्रा प्रारंभ होगी। परंपरागत रूप से छेरा पहरा की विधि यहां पर पूरी कराई जाएगी और फिर भगवान के रथ को रस्सी से श्रद्धालु खींचेंगे। बालको नगर के रिहाईसी इलाके से होते हुए रथ यात्रा बस स्टैंड के नजदीक गुंडिचा मंदिर पहुंचकर पूरी होगी। बताया गया कि अगले 10 दिन तक भगवान अपनी मौसी के यहां मेहमान के तौर पर रहेंगे और इस अवधि तक उनकी नित्य सुबह-शाम पूजा अर्चना संपन्न होगी। अंतिम दिवस वापसी यात्रा निकाली जाएगी और फिर भगवान अपने मूल मंदिर में पहुंचकर आरूढ़ होंगे।

Spread the word