सुभाष चौक में टैंकर ने कार को ठोका.. बाल बाल बची पिता – पुत्री की जान.. यातायात विभाग की लापरवाही उजागर

कोरबा 24 जून। शहर में यातायात विभाग की लापरवाही के कारण पिता पुत्री की जान जाते-जाते बची। मामला शहर के निहारिका क्षेत्र के व्यस्त सुभाष चौक का है जहां ट्रैफिक लाइट बंद होने के कारण लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए टैंकर चालक ने एक कार को अपनी चपेट में ले लिया। सौभाग्य यह रहा कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी अनुसार 18 जून 2025 को मानिकपुर ऑफीसर कॉलोनी निवासी तनवीर अहमद खान अपनी फोर्ड फिगो कार में सवार होकर अपनी पुत्री को कोसाबाड़ी स्थित कोचिंग सेंटर में छोड़ने जा रहे थे। इसी बीच शाम लगभग 4:15 बजे निहारिका के सुभाष चौक में एक टैंकर चालक (वाहन क्र. CG07 CE 6836) ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी कार को ठोकर मार दी। टैंकर की ठोकर से कार का बाँया हिस्सा पूर्णरूप से क्षतिग्रस्त हो गया। सौभाग्य यह रहा कि हादसे में कार सवार पिता पुत्री दोनों को हल्की चोट पहुँची और कोई जनहानी नही हुई।

वहीं हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया की घटना के समय सुभाष चौक में लगी ट्रैफिक लाइट बंद थी। कार चालक ने कोसाबाड़ी की ओर जाने हेतु सुभाष चौक से टर्न लिया ही था कि निहारिका की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर क्र. CG 07 CE 6836 ने कार को ठोकर मार दी। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें टैंकर चालक की गलती स्पष्ट रूप से नजर आ रही है।

लोगों ने बताया की निहारिका क्षेत्र का मुख्य चौक होने के बाद भी आए दिन यहां ट्रैफिक लाइट बंद रहती है जिसके कारण दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है, परंतु यातायात विभाग व प्रशासन इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं दिखाई देता।

बहरहाल मामले में पीड़ित तनवीर अहमद खान ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए लापरवाह टैंकर चालक पर कठोर कार्यवाही तथा उनको हुई आर्थिक क्षति की भरपाई की मांग की है। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Spread the word