युक्तियुक्तकरण को लेकर उठे सवाल – नजदीक के विद्यालयो में पद खाली, फिर शिक्षकों को क्यों भेजा गया दूर ?

सचिवों की पदस्थापना नहीं करने पर सदस्यों ने जताई नाराजगी
कोरबा 21 जून। जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक में अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने कहा कि नजदीक के विद्यालयो में पद रिक्त होने के बाद भी पुराने शिक्षकों को दूर भेज दिया गया है। विद्यालयो का नाम गोपनीय क्यों रखा गया ? इन विद्यालयो में नए शिक्षकों की कहां से पदस्थापना होगी ? इस पर शिक्षा अधिकारी ने कहा कि अतिशेष शिक्षकों की संख्या के हिसाब से ही विद्यालयो का नाम रखा था। जहां भी शिक्षकों की कमी है, उसकी सूची मंगवाई गई है।
जानकारी के अनुसार जिला पंचायत सभा कक्ष में हुई बैठक एक घंटे तक ही चली। इसका पहला एजेंडा ही शिक्षा विभाग में संलग्नीकरण शिक्षकों की समीक्षा थी। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि एक ओर पूरी पारदर्शिता की बात हो रही थी। दूसरी ओर नजदीक के विद्यालयो में जहां पद रिक्त था, उसे गोपनीय रखा गया। नए शिक्षकों की पदस्थापना में मनमानी होगी। पुराने शिक्षकों को काफी दूर भेज दिया है। जिला पंचायत सदस्यों ने भी शिक्षकों की कमी की जानकारी दी। डॉ. पवन सिंह का कहना है कि विद्यालयो में पढ़ाई बेहतर तरीके से हो इसकी व्यवस्था होनी चाहिए। शिक्षकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली ने भी बाबुओं पर पैसा लेने का आरोप लगाते हुए रोक लगाने मांग की। इसी तरह कई सचिव जो स्वयं भी दूसरे स्थानों पर जाना चाहते हैं, उनकी भी पदस्थापना नहीं हो रही है। कई पंचायतों में सरपंचों से सचिवों की नहीं बन रही है। वे दूसरे स्थानों पर जाना चाहते हैं। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
’ हाथी के नुकसान का दिया जा रहा मुआवजा
वन विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियो ने बताया कि मुआवजा प्रकरण लंबित नहीं है। हाथियों की निगरानी की जा रही है। फसल क्षति के जो भी प्रकरण सामने आते हैं, उसका समय-सीमा पर भुगतान कर दिया जाता है। विभागीय अमले को समय-सीमा पर प्रकरण तैयार करने कहा गया है।
’ घरेलू उपयोग हेतु लकड़ी लाने पर कार्यवाही अनुचित
जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम ने कहा खाट और हल के लिए लकड़ी लाने पर भी कार्यवाही करना ठीक नहीं है। लोग अपने घरेलू काम के लिए लकड़ी लाते हैं। उन्होंने हाथी प्रभावित क्षेत्र का भी मामला उठाया। उनके क्षेत्र में लंबे समय से हाथी फसल और मकानों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
’ जिला पंचायत सदस्यों की चुप्पी से अधिकारी भी हैं खुश
जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक में अधिकांश सदस्य चुप ही रहे। इसकी वजह से अधिकारी भी खुश नजर आए। अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर भी मुखर नहीं हो पा रहे हैं। गिने-चुने सदस्य ही अपने क्षेत्र की समस्याओं को रखते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष ही अधिकांश मुद्दों पर चर्चा करते हैं।
’ कई शिक्षकों को मिला स्टे, 27 तक होगा निराकरण
अतिशेष शिक्षकों ने पदस्थापना को लेकर उच्च न्यायालय में याचिका लगाई थी। उन्हें स्टे भी दिया है। इस मामले में 27 जून तक जिला स्तरीय समिति निराकरण करेगी। पद नहीं होने के कारण कई शिक्षकों को दूसरे जिलों में पदस्थ किया है। इसकी वजह से उनकी परेशानी बढ़ गई है।
