भारत बना रहा आवाज से पांच गुना तेज रफ्तार वाली हाइपरसोनिक मिसाइल, तेजी से हो रहा काम

2000 किमी तक मारक रेंज, पूरा पाकिस्तान होगा जद में
नई दिल्ली. रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) आवाज से पांच गुना तेज रफ्तार वाली हाइपरसोनिक मिसाइल पर काम कर रहा है। इसे तीन साल में सेना में शामिल किए जाने के आसार है। आवाज की रफ्तार 1234 किलोमीटर प्रति घंटा है, जबकि इस मिसाइल की रफ्तार 6,174 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इसकी मारक रेंज 2,000 किलोमीटर तक हो सकती है। यानी पूरा पाकिस्तान, जबकि आधा चीन इसकी जद में होगा।
डीआरडीओ के प्रमुख डॉ. समीर वी. कामत ने एक चैनल से बातचीत में कहा, भारत हाइपरसोनिक मिसाइल तकनीक पर तेजी से काम कर रहा है। हम इस दिशा में शुरुआती सफलताएं हासिल कर चुके हैं। अगले दो-तीन साल में इसका अंतिम परीक्षण पूरा हो जाएगा। मिसाइल हाइपरसोनिक टेक्नोलॉजी डेमॉन्स्ट्रेटर व्हीकल पर आधारित है। भारत 2020 में इस व्हीकल का परीक्षण कर चुका है।
न नष्ट होगी, न ही किसी रडार पर आएगी
यह क्रूज मिसाइल होगी। यह कम ऊंचाई पर इतनी तेजी से उड़ान भरेगी कि इसे रडार से ट्रैक नहीं किया जा सकेगा। इसी वजह से इसे नष्ट भी नहीं किया जा सकेगा। सामान्य विमान से भारत से अमरीका की 12,500 किमी की दूरी तय करने में 16 घंटे लगते हैं। यह मिसाइल इसे दो घंटे में तय कर सकेगी। पिछले साल नवंबर में ओडिशा में डीआरडीओ ने लंबी दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल का टेस्ट किया था।
