टेक अरबपति एलन मस्क की कंपनियों की समीक्षा होगी, ट्रंप सुलह को तैयार नहीं हो रहे

वॉशिंगटन. अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और टेक अरबपति एलन मस्क के बीच गुरुवार से शुरू हुए टकराव के बाद अब मस्क की ओर से सुलह के संकेत मिले हैं, पर ट्रंप फिलहाल इसके लिए तैयार नहीं दिख रहे और उन्होंने मस्क की कंपनियों की समीक्षा किए जाने की बात कही है।

मस्क ने एक्स पर से वह पोस्ट हटा दिया जिसमें उन्होंने ट्रंप पर आरोप लगाया था कि उनका नाम एपस्टीन फाइल्स में है, इसीलिए ट्रंप प्रशासन ने उन्हें डिक्लासिफाई नहीं किया है।

इस बीच कयास हैं कि दोनों में टकराव से सबसे अधिक फायदा किसे होगा। हालांकि अमरीकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने जरूर उम्मीद जताई है कि मस्क देर-सबेर फिर से ट्रंप टीम में दिखेंगे।

विवाद के बीच मस्क की कंपनी टेस्ला के शेयर करीब 30 फीसदी तक टूट गए। साल भर में टेस्ला का पूंजीकरण 380 अरब डॉलर कम हुआ है।

एपस्टीन पर ट्रंप की सफाई

एपस्टीन फाइल में नाम होने को लेकर ट्रंप की प्रतिक्रिया आई है। ट्रम्प ने टुथ सोशल पर एपस्टीन के पूर्व वकील डेविड शोएन द्वारा 2019 में लिखी गई एक पोस्ट साझा की, जिसमें कहा गया है उनके मुवक्किल (एपस्टीन) के पास राष्ट्रपति ट्रम्प को नुकसान पहुंचाने वाली कोई जानकारी नहीं थी। इसमें शोएन ने लिखा, उन्होंने एपस्टीन से स्पष्ट तौर पर ट्रंप पर सवाल पूछा था।

विवाद से इन कंपनियों को फायदा मिल सकता है

जेफ बेजोस और ब्लू ओरिजिन

ट्रम्प-मस्क विवाद को जेफ बेजोस राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अपने संबंधों को सुधारने और अपनी एयरोस्पेस कंपनी ब्लू ओरिजिन के लिए ग्रोथ के अवसर के रूप में देख रहे हैं।

बोइंग

मस्क का जाना बोइंग के लिए जीत से कम नहीं है। पिछले दिनों बोइंग का स्टारलाइनर अंतरिक्ष स्पेस स्टेशन पर लंबे समय तक अटका रहा और मस्क की कंपनी स्पेसएक्स यात्रियों को धरती पर वापस लाने में सफल रही।

ओपन एआई

मस्क का सैम ऑल्टमैन से विवाद जगजाहिर रहा है। मस्क चैटजीपीटी की प्रतिस्पर्धा में ग्रोक जैसा एआई टूल ला चुके हैं। लेकिन अब मस्क का बाहर होना ऑल्टमैन के लिए जश्न का मौका हो सकता है।

ट्रंप का प्रवासी विरोधी मौर्चा

राष्ट्रपति चुनाव के दौरान मस्क एच1-बी वीजा का खुलकर समर्थन कर चुके हैं, जिसके बाद ट्रंप के प्रवासी विरोधी समर्थकों को चुप रह जाना पड़ा था। पर अब उनके लिए खुशी का मौका हो सकता है।

डेमोक्रेटिक पार्टी

डेमोक्रेट्स के लिए 2025 की शुरुआत बहुत खराब रही है, लेकिन मस्क-ट्रम्प विवाद निस्संदेह उनके लिए अच्छी खबर है। डेमोक्रेटिक पार्टी ने विवाद के बीच मस्क के उठाए कई मुद्दों को समर्थन दिया है।

Spread the word