कोरबा जिला: सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में लगभग 12 प्रतिशत की आई कमी

यातायात पुलिस द्वारा किये जा रहे तीन स्तरीय प्रयासों का दिख रहा असर
कोरबा। जिला पुलिस ने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि माह जनवरी से मई 2024 की अवधि में जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कुल 202 लोगों की मृत्यु हुई थी। वहीं माह जनवरी से मई 2025 की समान अवधि में यह संख्या घटकर 177 रह गई है। यह लगभग 12% की कमी दर्शाती है, जो जिले में सड़क सुरक्षा के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। यह जानकारी यातायात एवं साइबर सेल प्रभारी रविन्द्र मीणा (IPS) ने दी है।
उन्होंने कहा है कि इस सफलता का श्रेय यातायात पुलिस विभाग द्वारा तीन प्रमुख मोर्चों (इंजीनियरिंग, एजुकेशन, एनफोर्समेंट) पर की गई ठोस कार्यवाही को जाता है।
1. इंजीनियरिंग (सड़क सुरक्षा के भौतिक सुधार)
इसके अंतर्गत जिले भर में सड़क की संरचनात्मक कमियों को दूर करने हेतु कई कार्य किए गए। जिसमे जिले में 21 ब्लैक स्पॉट एवं 4 ग्रे स्पॉट की पहचान कर उन पर सुधारात्मक कारवाही की जा रही हैं। अंधे मोड़ों पर दृश्यता सुधारने के लिए झाड़ियों की सफाई की गई। स्पीड ब्रेकर का निर्माण, स्ट्रीट लाइट, कॉन्वेक्स मिरर, रैडियम पट्टियां एवं पेड़ो पर सफेद पुट्टीकरण जैसे उपाय किए गए।
2. एजुकेशन (जागरूकता एवं प्रशिक्षण अभियान)
इसके अंतर्गत जनमानस को शिक्षित करने और यातायात नियमों के पालन हेतु कई प्रयास किए गए। जिसमे 107 “मार्गमित्र” स्वयंसेवकों को चुना गया, जिन्हें प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। विद्यालयो और महाविद्यालयो में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
3. एनफोर्समेंट (कानून व्यवस्था और निगरानी)
इसके अंतर्गत नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी सख्त कार्यवाही करते हुए इस वर्ष मई 2025 तक 1,802 ओवरस्पीडिंग के मामलों में चालान किया गया। 716 मामलों में मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने पर सख्त कार्यवाही करते हुए अर्थदंड भी वसूला गया। इसी कड़ी में 728 मामलों में वाहन चालाक के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति की गयी।
