कन्या महाविद्यालय में छात्राओं की वर्षों पुरानी मांग पूरी, कैंटीन भवन निर्माण का लेआउट तैयार

कोरबा/ शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय की छात्राओं के लिए लंबे समय से लंबित एक महत्वपूर्ण आवश्यकता पूरी होने जा रही है। महाविद्यालय में कैंटीन भवन, किचन एवं स्टोर रूम के निर्माण के लिए विधिवत रूप से लेआउट कार्य संपन्न हुआ।
यह कार्य जनभागीदारी अध्यक्ष एवं पार्षद श्रीमती वर्षा दिनेश वैष्णव के सतत प्रयासों एवं नेतृत्व में संभव हो सका। उनके साथ इस प्रक्रिया में पूर्व पार्षद एवं जनभागीदारी सदस्य दिनेश वैष्णव, जोन कमिश्नर, ठेकेदार एवं नगर निगम के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
महाविद्यालय की स्थापना के समय से ही यहां छात्राओं के लिए कैंटीन की सुविधा नहीं थी, जिसके कारण भोजन एवं नाश्ते की व्यवस्था बाहर से करनी पड़ती थी। इस असुविधा के कारण छात्राओं को कई बार समस्याओं का सामना करना पड़ता था। कॉलेज प्रशासन, छात्राएं एवं अभिभावक लंबे समय से इस मांग को उठा रहे थे।
छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तक यह मांग पहुँचाई गई, जिसके पश्चात जनभागीदारी अध्यक्ष श्रीमती वर्षा दिनेश वैष्णव ने उसे मूर्त रूप देने की दिशा में सक्रिय पहल की। उनके प्रयासों के फलस्वरूप महाविद्यालय परिसर में भवन निर्माण के लिए स्थान का चयन कर लेआउट प्रक्रिया पूरी की गई।

Spread the word