चेम्बर ऑफ कॉमर्स कोरबा की सामान्य सभा सम्पन्न, चुनाव पर हुई चर्चा, शीघ्र होगी घोषणा

कोरबा। जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज, कोरबा के साधारण सभा की वार्षिक बैठक 27 मई 2025 को चेंबर भवन में पूर्व अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। इस बैठक में मुख्य रूप से वर्तमान कार्यकारिणी के कार्यों एवम नयी कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा की गई।
सर्वप्रथम चर्चा प्रारम्भ करते हुए पूर्व महामंत्री मोहम्मद यूनुस मेमन के आग्रह पर वर्तमान अध्यक्ष योगेश जैन ने अपने कार्यकाल से संबंधित विवरण प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि चेम्बर भवन के रख रखाव एवम नवीनीकरण के कार्य किए गए हैं। चेम्बर से नए आजीवन सदस्य जोड़ने के साथ ही समय समय पर व्यापारियों के लिए अनेक सेमिनार एवम बैठकों का आयोजन हुआ जिसमें पदाधिकारियों एवम सदस्यों ने भाग लिया। परंतु उन्होंने स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर व्यापारियों की कम उपस्थिति को लेकर चिंता व्यक्त की।

इसी बात पर मोहम्मद यूनुस मेमन ने भी अपने अनुभव बताते हुए सभी से आग्रह किया कि भविष्य में राष्ट्रीय पर्वों पर अधिक संख्या में उपस्थित होकर व्यापारी एकता का परिचय दें। संरक्षक एवम पूर्व अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल ने कहा कि चेम्बर के 3000 सदस्य यदि चाहें तो अपनी शक्ति से असंभव कार्यों को भी सम्भव बना सकते हैं।
कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश रामानी ने अपने कार्यकाल में हुए आय व्यय का लेखा जोखा प्रस्तुत किया और सभी को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। महामंत्री विनोद अग्रवाल ने बैठक में उपस्थित हुए सभी सदस्यों एवम अतिथियों का आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष योगेश जैन ने आगामी चुनाव हेतु सी ए अखिलेश अग्रवाल को मुख्य चुनाव अधिकारी चुने जाने की घोषणा की और सभी लोगों से सहयोग की अपेक्षा की। सीए अखिलेश अग्रवाल ने कहा कि अन्य चुनाव अधिकारियों से चर्चा के उपरांत 45 दिनों के अंदर चुनाव संबंधी घोषणा कर दी जाएगी।
