लापरवाह पिता की स्टंटबाजी ने ली मासूम की जान.. शादी समारोह में पसरा मातम

कोरबा 16 मई. बीती रात कोरबा में अपने मामा की शादी में शामिल होने आए डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत उसके अपने पिता की लापरवाही से हो गई। बताया गया की पिता के द्वारा लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए स्टंट करने की कोशिश की जा रही थी जिसके कारण अनियंत्रित कार डीजे वाहन से जा भिड़ी। टक्कर से डीजे कार पर गिर पड़ा जिसके कारण आगे की सीट पर बैठे डेढ़ वर्षीय हरिओम की सर फूटने से मौके पर ही मृत्यु हो गई।
प्राप्त जानकारी अनुसार सागर, मध्य प्रदेश निवासी निलेश तिवारी अपने ससुराल छत्तीसगढ़ के सूरजपुर साले की शादी में शामिल होने आया था। बारात सूरजपुर से कोरबा के मानिकपुर क्षेत्र अंतर्गत चिमनीभट्टा आई थी और दुल्हन के घर की ओर जा रही थी। दुर्घटनाकारित कार में दूल्हे समेत चार लोग सवार थे। आगे की सीट पर दूल्हे की गोद में उसका डेढ़ वर्षीय भांजा हरिओम बैठा हुआ था और कार दूल्हे का जीजा व हरिओम का पिता निलेश तिवारी चला रहा था। इसी दौरान निलेश तिवारी के द्वारा कार से स्टंट करने का प्रयास किया गया जिससे कार का बैलेंस बिगड़ गया और वह डीजे वाहन से जा टकराई। टक्कर से डीजे, कार की आगे की सीट पर बैठे हरिओम के ऊपर गिर पड़ा और सर पर चोट लगने से मौके पर ही हरिओम की मृत्यु हो गई। घटना में कार चालाक निलेश तिवारी भी घायल हो गया।
घटना के बाद राहगीरों ने लापरवाह कार चालक की पिटाई कर दी। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल निलेश तिवारी को निजी अस्पताल में उपचार हेतु भर्ती कराया गया तथा मृतक के शव को मरचुरी भेजा गया। अपने भांजे की मृत्यु से दुखी दुल्हा शादी करने से इनकार करने लगा, जिसे परिजनों और स्थानीय लोगों ने सांत्वना व समझाइश दी। अंत में शोक संतप्त वातावरण में शादी सम्पन्न हुई। बताया गया की मृतक हरिओम की तीन बड़ी बहनें हैं और वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
