कर्मियों की लापरवाही से गंदा पानी सप्लाईः पीना तो दूर, नहाने लायक भी नहीं रहा

कोरबा 05 मई। शनिवार को दोपहर जिले में आई तेज रफ्तार की हवा एवं गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश ने जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। वहीं बिजली तथा पानी की सप्लाई में भी काफी बाधाएं आई। बताया जाता है कि जलापूर्ति को सामान्य बनाने के लिए नगर निगम ने रविवार को सुबह एवं शाम कई इलाकों पर नलों में पानी की सप्लाई की लेकिन कर्मियों की लापरवाही से गंदा पानी सप्लाई हो गया।
पानी इतना गंदा था कि उसे पीना तो दूर लोगों ने नहाने के लिए इस्तेमाल करना भी पसंद नहीं किया और उन्हें पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। जहां अधिकांश जगहों पर नलों में गंदा पानी आया वहीं कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई भी बंद रही। जहां नगर निगम ने टैंकर भेजकर व्यवस्था सामान्य करने की कोशिश की।
सूत्रों के मुताबिक नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बिजली बंद होने की वजह से बिना फिल्टर किए ही पानी को सप्लाई कर दिया था। फलस्वरूप गंदा पानी लोगों के घरों में स्थित नलों में आया और उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने इसकी शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से की है और लापरवाह लोगों पर कार्रवाई की मांग भी की है।
