आतंकवाद के खिलाफ कैंडल मार्च और मौन जुलूस निकाल यूथ मुस्लिम कमेटी ने दिया एकता का संदेश

कोरबा 27 अपै्रल। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया हैं। कोरबा शहर ने भी इस पीड़ा को साझा करते हुए टी.पी. नगर में यूथ मुस्लिम कमेटी के नेतृत्व में एक भावपूर्ण मौन जुलूस एवं कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। सायं 6 बजे टी.पी. नगर मस्जिद से शुरू हुए इस शांति जुलूस में यूथ मुस्लिम कमेटी के सैकड़ों लोगों ने मोमबत्तियाँ हाथ में लेकर आतंकवाद के खिलाफ अपनी चुप्पी में भी एक गूंजता संदेश दिया।

सुन्नी मुस्लिम जमात, मेमन जमात, मरकजी सीरत कमेटी, इत्तेहाद कमेटी, मरकजी ईदगाह कब्रिस्तान कमेटी, यंग मेमन कमेटी सहित तमाम मस्जिदों की कमेटियों के प्रतिनिधि, समाजसेवी और स्थानीय नागरिकों ने एकजुट होकर अपने देश प्रेम का परिचय दिया। जुलूस के समापन पर टी.पी. नगर चौक पर आतंकवाद के पुतले का दहन कर राष्ट्र विरोधी ताकतों के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने जोर देते हुए कहा कि आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्यवाही वक्त की मांग है। समारोह के अंत में शहीदों के सम्मान में मौन रखकर और देश में स्थायी अमन-चौन के लिए प्रार्थना की गई। वरिष्ठजनों ने इस ऐतिहासिक एकजुटता को समाज में भाईचारे और देशभक्ति का प्रतीक बताया।

Spread the word