कोरबा जिले में एक ही रात में हुई चोरी की 2 वारदातें, जुर्म दर्ज

कटघोरा में लगभग 4.90 लाख तो पाली थाना क्षेत्र में लगभग 10 लाख की हुई चोरी

कोरबा 20 अपै्रल। जिले में चोरी की दो बड़ी घटना के घटित होने से यहां सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार पाली थाना क्षेत्र और कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरों ने सूने मकानों को निशाना बनाते हुए कुल लगभग 15 लाख रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया।

बताया जा रहा हैं की पाली थाना क्षेत्र में चोरों ने जायसवाल परिवार के मकान से 5 लाख रुपये नकद और लगभग 5 लाख रुपये के जेवरात चुरा लिए। जायसवाल परिवार के लोग मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे वहीं छोटा भाई बाहर घूमने गया हुआ था, वही कटघोरा क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर से 4.90 लाख रुपये की चोरी की। बताया जा रहा है कि कटघोरा निवासी राकेश पांडेय का पूरा परिवार भी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था, तभी चोरों ने घर को निशाना बना लिया। जब सफाई करने के लिए एक महिला घर पहुंची, तो उसने दरवाजे का टूटा हुआ ताला देखा और चोरी की सूचना परिजनों को दी।

उक्त घटनाओं के बाद कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक ने दोनों मामलों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। पुलिस डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है। लगातार घटित हो रही घटनाओं के चलते स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।

Spread the word