फटकार व पेनल्टी बेअसर, एसईसीएल कालीबाड़ी के किनारे से नहीं हटी गंदगी

कोरबा 08 अपै्रल। नगर पालिक निगम की फटकार और 25000 की पेनल्टी का एसईसीएल पर कोई असर नहीं पड़ा है। कालीबाड़ी मंदिर की बाउंड्री वॉल के किनारे सुभाष ब्लॉक मार्ग पर गंदगी का जमावड़ा एक प्रकार से निगम अधिकारियों को चिढ़ा रहा है। कॉलोनी में ऐसी कोई और भी जगह है, जहां पर गंदगी की तस्वीर बनी हुई है।

अपनी कॉलोनी को साफ सुथरा बनाए रखने की जिम्मेदारी एसईसीएल प्रबंधन की है। इसके लिए वह भारी भरकम फंड खर्च करने के दावे करता रहा है। दूसरी तरफ देखने में आया है कि एसईसीएल के आवासीय परिसरों में साफ सफाई का हाल काफी दयनीय स्थिति में है। इस वजह से कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारियों के परिवार काफी त्रस्त हो चुके हैं। दूसरी और सीजीएम कार्यालय से लेकर घंटाघर मार्ग में यहां वहां गंदगी की तस्वीर की उपस्थिति लोगों के लिए मुश्किलों का कारण बनी हुई है। नगर पालिका निगम के द्वारा चलाए जा रहे हैं विशेष स्वच्छता ड्राइव के अंतर्गत हाल में ही नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे और उनकी टीम ने इस इलाके का भ्रमण किया था तब उनके संज्ञान में इस प्रकार की चीज आई थी।

इस मामले को चिंताजनक पाया गया और सीसीएल प्रबंधन पर उदासीनता के लिए 25 हजार की पेनल्टी लगाई गई। प्रबंधन को निर्देशित किया गया था कि जल्द ही यहां की गंदगी हटाने के साथ अवगत कराया जाए लेकिन अभी भी हालत यथावत बने हुए हैं। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि सीसीएल के सिविल विभाग को नगर निगम की कार्रवाई और चेतावनी से बहुत ज्यादा मतलब नहीं रह गया है। उसकी मनमानी जारी है और यह दिखाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह अपने ढर्रे पर चलेगा, उसे किसी से कोई लेना देना नहीं।

Spread the word