पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा को किया गया खण्डित, देखें वीडियो

भाजपाईयो में आक्रोश- पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिला अंतर्गत ग्राम कुर्रा में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों के द्वारा तोड़े जाने का मामला सामने आया है।घटना की जानकारी मिलने पर भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल किया।वही इस घटना को लेकर भाजपाइयों में काफी आक्रोश है।
बताया जा रहा है कि ग्राम कुर्रा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा स्थापित किया गया था। बीती मंगलवार की रात अज्ञात असामाजिक तत्वों के द्वारा इस प्रतिमा को तोड़ दिया गया। सुबह गांव वालों को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद घटना की सूचना भखारा थाने में दी गई। अभी पता नहीं चल पाया है कि घटना को किसने अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया है। उन्होंने मामले के आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग पुलिस और प्रशासन से की है।
