बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र का निधन, शोक की लहर

नई दिल्ली. बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र का निधन हो गया है. धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे. इस खबर से बॉलीवुड जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. वह 89 साल के थे और पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे. हाल ही में उन्हें मुंबई ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था, जहां उनकी हालत क्रिटिकल बनी हुई थी.

वहीं, कई दिनों तक भरती रहने के बाद 12 नवंबर को धर्मेंद्र को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया था. बता दें, धर्मेंद्र अगले महीने 8 दिसंबर को अपना 90वां जन्मदिन मनाने वाले थे और उनके ठीक-ठाक घर लौट आने के बाद खबर थी कि उनका पूरा परिवार एक साथ धर्मेंद्र का 90वां जन्मदिन बड़े ही धूम-धाम से मनाने वाला था.

धर्मेंद्र का जन्म 8 दिसंबर, 1935 को पंजाब के लुधियाना में सहनेवाल गांव में एक साधारण सिख-जाट परिवार में हुआ था। धर्मेंद्र का पूरा नाम नाम धरम सिंह देओल है। उनके पिता किशन सिंह देओल एक स्कूल शिक्षक हुआ करते थे। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा फगवाड़ा के लालटन कलां से पूरी की।

धर्मेंद्र शुरू से ही फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार से प्रभावित थे। ऐसे में उन्हें देखकर उनके मन में अभिनय का ख्याल आया, जो बाद में जुनून बन गया। अपनी यह इच्छा पूरी करने के लिए वह पंजाब से मुंबई पहुंच गए, लेकिन यहां उन्हें अधिक संघर्ष करना पड़ा।

धर्मेंद्र को अपनी पहली फिल्म 1960 में मिली, जो कि ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ थी। इसके बाद उन्हें और भी फिल्में मिली, जिससे उनकी छवी रोमांटिक हीरो की बनी।

धर्मेंद्र के लिए उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट जो फिल्म बनी वह ‘फूल और पत्थर(1966)’ थी। इस फिल्म में उन्होंने एक्शन हीरो के रूप में किरदार निभाया, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया और वह रातोंरात स्टार बन गए। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पहला फिल्मफेयर नामांकन मिला।

साल 1975 में आई फिल्म शोले ने उन्हें वीरू के रूप में भारतीय सिनेमा में हमेशा के लिए अमर कर दिया। इस फिल्म में हेमा मालिनी के साथ उनके संवाद व अदाकारी को लोगों ने खूब पसंद किया।

धर्मेंद्र का पहला विवाह प्रकाश कौर से हुआ था, जिनसे उन्हें दो बेटे सनी देओल और बॉबी देओल व दो बेटियां अजिता देओल और विजेता देओल हुए। साल 1980 में उन्होंने हेमा मालिनी से विवाह किया, जिनसे उन्हें दो बेटियां हैं, जिनमें ईशा देओल और अहाना देओल हैं।

धर्मेंद्र ने 2004 में लोकसभा चुनाव लड़ा और बीकानेर से 2009 तक सांसद भी रहे। साल1997 में उन्हें फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया। आपको बता दें कि दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार द्वारा उन्हें दुनिया का सबसे हैंडसम आदमी भी कहा गया था।

आपको बता दें कि धर्मंद्र की आखिरी फिल्म इक्कीस है, जिसमें अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा ने मुख्य भूमिका निभाई है।

Spread the word