कटघोरा में विजयादशमी पर्व धूमधाम से मनाया गया

विधायक व जिपं अध्यक्ष के आतिथ्य में हुआ रावण दहन
कोरबा, 22 अक्टूबर। कटघोरा नगर में विजयादशमी का पर्व बुधवार को धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दशहरा उत्सव समिति के तत्वावधान में नगर के मेला मैदान में 80 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन देखने के लिए कटघोरा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। विशाल जनसमूह की मौजूदगी में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में आतिशबाजी और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
इस वर्ष रावण दहन की खास बात यह रही कि रावण के दसों सिरों के मुंह से आग के गोले निकल रहे थे। इस नजारे ने उपस्थित दर्शकों को रोमांचित कर दिया। रावण दहन से पहले हुई शानदार आतिशबाजी ने भी लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल मुख्य अतिथि तथा जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को दशहरा पर्व की बधाई देते हुए असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय के संदेश को जीवन में आत्मसात करने की अपील की। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह व कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राज जायसवाल ने भी नगरवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।
आयोजन को सफल बनाने में गोपाल शर्मा, पवन अग्रवाल, लक्ष्मी गर्ग, विष्णु जायसवाल, शशिकांत डिक्सेना एवं शारदा पाल सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाने में एसडीओपी विजय राजपूत, टीआई राजेश तिवारी, उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रताप सिंह सहित पुलिस कर्मियों और सहयोगियों ने भूमिका निभाई।
दशहरा उत्सव को खास बनाने के लिए समिति की ओर से भिलाई के आर्केस्ट्रा और छत्तीसगढ़ लोककला मंच के कार्यक्रम आयोजित किए गए। देर तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के समापन पर नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने सभी सहयोगियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही मुख्य अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
