फसल की रखवाली करने गए ग्रामीण पर हाथी ने किया हमला, उपचार के दौरान मौत

कोरबा, 17 अक्टूबर। जिले के पसान वन परिक्षेत्र में फसल की रखवाली करने गए एक ग्रामीण पर हाथी ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कटघोरा वनमण्डल अंतर्गत पसान वन परिक्षेत्र अंतर्गत के खोडरी बीट में यह घटना बीती रात घटित हुई। बताया जाता है कि ग्राम पंचायत खोडरी निवासी प्रताप सिंह वाकरे अपने खेत में फसल की रखवाली करने गया हुआ था। इसी दौरान उसे दंतैल हाथी खेत की ओर आता हुआ दिखाई दिया, जिस पर मसाल लेकर उसे भगाने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान दंतैल हाथी ने उस पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, बाद में ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल प्रताप को उपचार के लिए पेण्ड्रा जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उसे सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया, जहां आज सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई।
पसान क्षेत्र में पिछले काफी समय से बड़ी संख्या में हाथी घूम रहे हैं। इन हाथियों ने क्षेत्र की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिसके कारण ग्रामीणों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई है। प्रताप भी अपने खेत में फसल की रखवाली करने के लिए रात में ही निकल गया था। खबरों के अनुसार वन विभाग द्वारा लोगों से लगातार अपील की जा रही थी कि वे हाथियों को न छेड़ें और भीड़-भाड़ न इकऋा करें। विभाग ने सुरक्षा के लिहाज से बार-बार चेतावनी जारी की थी। लेकिन इन अपीलों को गंभीरता से नहीं लिया गया। वन विभाग द्वारा मृतक प्रताप सिंह वाकरे के परिजनों को तत्कालिक सहायता राशि रुपए 25 हजार दी गई है। घटना के बाद वन विभाग ने निगरानी और भी बढ़ा दी है।
इधर कोरबा वनमंडल के करतला रेंज में भी हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। 9 की संख्या में हाथियों का दल यहां के साजापानी जंगल में विचरण कर रहा है। हाथियों का दल बीती रात खेतों में पहुंचकर एक दर्जन ग्रामीणों की धान की फसल को उत्पात मचाते हुए तहस-नहस कर दिया है।
