शराब को लेकर विवाद के बाद महिला की हत्याः खेत के पास पत्थर से वार, आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

कोरबा 28 सितंबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने महिला का पीछा किया और सुनसान खेत के पास पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से मिले सुरागों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, लोकडहा उरांवपारा निवासी सुखमनिया एक्का की 22 सितंबर 2026 को हत्या कर दी गई थी। मामले में पसान थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 254/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि मृतिका शराब पीने की आदी थी और अक्सर सहस राम मिंज (38) के घर जाकर उसकी पत्नी और छोटे भाई की पत्नी के साथ शराब पीती थी। आरोपी ने उसे कई बार अपने घर के लोगों के साथ शराब नहीं पीने की समझाइश दी थी और डांटा भी था।

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन आरोपी सहस राम मिंज बकरी चराकर शाम को घर लौटा। उस समय उसकी पत्नी, छोटे भाई की पत्नी और सुखमनिया एक्का घर में मौजूद थीं। पुलिस के अनुसार, तीनों के शराब के नशे में होने की बात सामने आई। इस दौरान आरोपी ने सुखमनिया को डांटते हुए घर से चले जाने के लिए कहा। इसके बाद महिला अपने चाचा के घर की ओर जाने लगी। आरोप है कि आरोपी ने उसका पीछा किया और मुड़हीकुवां खेत के पास सुनसान स्थान पर पहुंचकर पत्थर से हमला कर दिया। हमले में महिला की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पसान पुलिस ने जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से सुराग जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड के बाघा की मदद ली गई। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर सहस राम मिंज को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला की हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Spread the word