गणेश विसर्जन के दौरान ट्रेनी DSP से मारपीट: वाहन में तोड़फोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गणेश विसर्जन के दौरान ट्रेनी डीएसपी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मणीपुर थाना क्षेत्र में साइड देने और डीजे की तेज आवाज को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि गणेश विसर्जन में शामिल कुछ लोगों ने ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे के साथ मारपीट की और उनके वाहन के शीशे तोड़ दिए। मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

साइड देने और तेज आवाज को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात मणीपुर थाना क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए बड़ी संख्या में लोग डीजे के साथ जा रहे थे। इसी दौरान ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे का वाहन वहां से गुजर रहा था।

बताया जा रहा है कि वाहन को साइड देने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद डीजे की तेज आवाज को लेकर भी आपत्ति जताई गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विसर्जन में शामिल लोगों ने ट्रेनी डीएसपी के साथ मारपीट शुरू कर दी।

वाहन के शीशे भी तोड़ने का आरोप

मारपीट के दौरान ट्रेनी डीएसपी के वाहन में भी तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मणीपुर थाना से अतिरिक्त बल बुलाया।

पुलिस बल के पहुंचने के बाद ट्रेनी डीएसपी को भीड़ से बाहर निकालकर सुरक्षित थाना ले जाया गया। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी।

6 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने हमले में शामिल होने के आरोप में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की मेडिकल जांच भी कराई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के दौरान वे नशे में थे या नहीं।

पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

दरिमा थाना में टीआई के रूप में पदस्थ हैं निशांत कुर्रे

बताया गया है कि ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे वर्तमान में दरिमा थाना के टीआई के रूप में पदस्थ हैं। गणेश विसर्जन के दौरान पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट की घटना सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Spread the word