सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रतीक्षा बस स्टैंड स्थित तालाब में चला विशेष सफाई अभियान

कोरबा, 24 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका परिषद दीपका द्वारा गुरुवार प्रातः 08 बजे प्रतीक्षा बस स्टैंड स्थित तालाब में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान तालाब परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई तथा जमा कचरे एवं गंदगी को हटाया गया।

सफाई अभियान में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती संगीता साहू, एल्डरमैन श्रीमती सुभद्रा यादव एवं श्री आनंद चौकसे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री नेतराम रत्नेश सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता करते हुए स्वयं सफाई कार्य किया।

इस दौरान तालाब के आसपास की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही जलस्रोत को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों की स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं सुंदर दीपका के निर्माण में सहयोग करने का संदेश दिया गया। नगर पालिका परिषद द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि तालाब एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फेंकें और स्वच्छता बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें।

Spread the word