सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विद्यालयों में हुई चित्रकला प्रतियोगिता

विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा, चित्रों के माध्यम से उकेरे सेवा, समाज और संवेदनाओं के रंग

कोरबा, 18 सितंबर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आज जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों सहित केंद्रीय विद्यालय, संयुक्त एकलव्य विद्यालय एवं प्रयास विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिलेभर के विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता निभाई। विद्यालयों में सुबह से ही प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक सोच, कल्पनाशीलता और सामाजिक सरोकारों को रंगों एवं चित्रों के माध्यम से कागज पर जीवंत रूप दिया।

विद्यार्थियों ने निर्धारित समय में अपनी पसंद के विषयों पर चित्र तैयार किए। किसी ने सेवा भावना और मानवता का संदेश दिया, तो किसी ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण जैसे विषयों को अपनी चित्रकला का माध्यम बनाया। रंगों और रेखाओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच को अभिव्यक्त किया।
जिले के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता ने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया। शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया तथा उन्हें स्वतंत्र रूप से अपनी कल्पनाओं को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। विद्यालयों में प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ सीखने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

’चित्रों में दिखी विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच’

सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इस चित्रकला प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक अभिव्यक्ति, सामाजिक सरोकार, सेवा भावना और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा के भाव को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों ने ए-3 आकार की शीट पर तथा माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों ने ए-2 आकार की शीट पर चित्र बनाए। विद्यार्थियों ने पेंसिल, जलरंग एवं स्केच पेन सहित विभिन्न माध्यमों का उपयोग कर अपनी कल्पनाओं को आकर्षक रूप दिया।

19 सितंबर को विद्यालयों में लगेगी चित्र प्रदर्शनी

चित्रकला प्रतियोगिता के बाद 19 सितंबर को जिले के विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की कलाकृतियों को प्रदर्शित कर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया जाएगा। इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ पंचायत, जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों तथा क्षेत्रीय विधायकों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

चित्र प्रदर्शनी के साथ ही 19 सितंबर को भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचारों और अभिव्यक्ति कौशल को सामने रखने का अवसर मिलेगा।

विकासखंड स्तर पर भी होंगी प्रतियोगिताएं

विद्यालय स्तर की गतिविधियों के बाद विकासखंड स्तर पर भी निर्धारित केंद्रों में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिले के करतला, कोरबा, कटघोरा, पाली एवं पोड़ीउपरोड़ा विकासखंडों में आयोजन केंद्र निर्धारित किए गए हैं। विकासखंड स्तर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा सभी विद्यालयों को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता कराने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, संवेदना, सामाजिक जिम्मेदारी और रचनात्मकता की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

Spread the word