SBI ATM में चोरी की कोशिश: हथौड़ी-छीनी से मशीन तोड़ रहा था आरोपी, CCTV कैमरा भी तोड़ा, लोगों ने पकड़ा

डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ शहर के बीचों-बीच स्थित बस स्टैंड के SBI ATM बूथ में चोरी की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक युवक हथौड़ी और छीनी लेकर ATM बूथ में घुस गया और मशीन को तोड़कर रकम निकालने की कोशिश करने लगा। आरोपी ने सबसे पहले CCTV कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि उसकी हरकत रिकॉर्ड न हो सके। हालांकि, स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते वह अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सका और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
हथौड़ी-छीनी लेकर ATM बूथ में घुसा था आरोपी
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पूरी तैयारी के साथ ATM बूथ में दाखिल हुआ था। उसने सबसे पहले वहां लगे CCTV कैमरे को निशाना बनाया। इसके बाद हथौड़ी और छीनी से ATM मशीन के कवर और दरवाजे वाले हिस्से को तोड़ने की कोशिश की।
लगातार वार करने से ATM मशीन का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों को बूथ में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। लोगों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों की सतर्कता से टली चोरी
घटना के दौरान SBI कर्मचारी अंजल निगम भी अपने रिश्तेदार को रेलवे स्टेशन छोड़कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर बस स्टैंड स्थित ATM बूथ की ओर गई। वहां कुछ स्थानीय लोग एक संदिग्ध युवक को पकड़े हुए थे।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
आरोपी के पास से हथौड़ी और छीनी बरामद
डोंगरगढ़ SDOP केसरी नंदन नायक ने बताया कि रात में पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान ATM के पास संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया था। जांच करने पर उसके पास से हथौड़ी और छीनी मिली। आरोपी ने ATM के कवर वाले हिस्से को तोड़ दिया था।
पूछताछ में आरोपी की पहचान सेवाराम वर्मा निवासी अंडी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी घटना के समय नशे की हालत में था और ज्यादा जानकारी नहीं दे पा रहा था।
अकेला आया था या गिरोह का हिस्सा? जांच जारी
इस मामले में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेले ATM बूथ में चोरी करने पहुंचा था या उसके साथ कोई और भी शामिल था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की पेट्रोलिंग के चलते ATM से रकम चोरी होने से पहले ही आरोपी पकड़ लिया गया। घटना ने शहर के व्यस्त इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
