शराब के नशे में तलवार लेकर सड़क पर निकला युवकः लोगों को दी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

कोरबा 14 सितंबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा में शराब के नशे में एक युवक ने हाथ में तलवार लेकर जमकर हंगामा किया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पुराना काशी नगर में युवक सड़क पर तलवार लहराते हुए लोगों को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दे रहा था। युवक की हरकत से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी ने जवानों से भी उलझने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, काशी नगर निवासी 25 वर्षीय लोकेश चंद्रा शराब के नशे में अपने घर से बड़ी तलवार लेकर बाहर निकला था। इसके बाद वह सड़क पर तलवार लहराते हुए आने-जाने वाले लोगों को गाली देने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। युवक के हाथ में तलवार देखकर आसपास के लोग डर गए और कई लोग अपने घरों के अंदर चले गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उस समय आरोपी तलवार लहराते हुए हंगामा कर रहा था। पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की और पुलिस जवानों से भी उलझने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया और उसे थाने ले आई। मौके से बड़ी धारदार तलवार भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी की पहचान लोकेश चंद्रा के रूप में की है। वह ओल्ड काशी नगर का रहने वाला है। उसके पिता का नाम स्वर्गीय रामलाल चंद्रा बताया गया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
युवक की गिरफ्तारी के बाद इलाके में स्थिति सामान्य हो गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में इस तरह की घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
