September 11, 2026
News

पेट्रोल पंप की सिंटेक्स टंकी में मिला था मैनेजर का शव: अब संचालक पर FIR, सुरक्षा में लापरवाही का आरोप

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में मुड़ापार स्थित आरजी पेट्रोल पंप के मैनेजर ओमप्रकाश यादव की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पेट्रोल मिश्रित पानी से भरी सिंटेक्स टंकी में मिले मैनेजर की मौत के मामले में अब पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मृतक के बेटे करण यादव ने संचालक पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है।

तबीयत बिगड़ने की सूचना पर पेट्रोल पंप पहुंचा था बेटा

जानकारी के मुताबिक, 7 सितंबर की शाम आरजी पेट्रोल पंप पर उस समय हड़कंप मच गया, जब मैनेजर ओमप्रकाश यादव की तबीयत बिगड़ने की सूचना उनके बेटे करण को फोन पर मिली। सूचना मिलने के बाद करण अपनी मां के साथ तत्काल पेट्रोल पंप पहुंचा।

वहां ओमप्रकाश जमीन पर पड़े मिले। परिजनों ने उन्हें तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

CCTV में टंकी की ओर जाते दिखे ओमप्रकाश

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पेट्रोल पंप के CCTV फुटेज की जांच की। फुटेज में ओमप्रकाश यादव ऑफिस से चाड़ी और गेलन लेकर सिंटेक्स टंकी की ओर जाते हुए दिखाई दिए।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ओमप्रकाश पेट्रोल मिश्रित पानी की स्थिति की जांच करने के लिए टंकी के पास पहुंचे थे। इसी दौरान किसी तरह टंकी में गिरने से उनकी डूबकर मौत होने की आशंका है। हालांकि, मौत की पूरी परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।

बेटे ने लगाया सुरक्षा में लापरवाही का आरोप

मृतक के बेटे करण यादव ने पुलिस को दी शिकायत में पेट्रोल पंप संचालक पर ज्वलनशील पदार्थ को पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के बिना खुले स्थान पर रखने और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि टंकी और उसके आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होते तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था।

मानिकपुर पुलिस ने धारा 106 BNS में दर्ज किया मामला

करण यादव की शिकायत के आधार पर मानिकपुर पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मैनेजर की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है।

जांच के बाद साफ होगी मौत की वास्तविक वजह

फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। CCTV फुटेज, घटनास्थल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां और कथित लापरवाही की जिम्मेदारी पूरी तरह स्पष्ट होगी।