गणेश उत्सव को लेकर कोरबा पुलिस अलर्ट: समितियों और DJ संचालकों को सख्त निर्देश, पंडालों में लगेगा साइबर जागरूकता संदेश

कोरबा। गणेश चतुर्थी और आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस ने जिले की गणेश समितियों और पंडाल आयोजकों के साथ-साथ डीजे संचालकों की अलग-अलग बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटेल ने गणेश समितियों और डीजे संचालकों को कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा, ध्वनि प्रदूषण और प्रतिमा विसर्जन को लेकर जरूरी सावधानियों की जानकारी दी।
पंडालों में CCTV और फायर एक्सटिंग्विशर जरूरी
पुलिस ने गणेश समितियों को पंडाल परिसर और आसपास CCTV कैमरे लगाने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखने और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
पंडाल में पर्याप्त क्षमता का फायर एक्सटिंग्विशर रखने तथा आग या अन्य आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इसके साथ ही विद्युत कनेक्शन और वायरिंग की जांच सक्षम विद्युतकर्मी से कराने, खुले तार, लूज वायर और असुरक्षित कनेक्शन को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि पंडाल ऐसी जगह और तरीके से लगाए जाएं, जिससे आम लोगों के आवागमन और यातायात में किसी तरह की परेशानी न हो।
रात में विसर्जन नहीं, निर्धारित मार्ग और स्थल का करना होगा उपयोग
गणेश समितियों को प्रतिमा स्थापना से लेकर विसर्जन तक कार्यक्रमों का समय पहले से निर्धारित करने और पुलिस-प्रशासन की व्यवस्था का पालन करने को कहा गया है।
पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिमाओं का विसर्जन नगर निगम एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही किया जाए। रात्रि में विसर्जन से बचने की हिदायत भी दी गई है।
