पत्नी के ऑपरेशन के खर्च की व्यवस्था करने निकले पति की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा 08 सितंबर। पाली के नौकोनिहा तालाब में एक युवक का शव आज सुबह मिला है। उसकी पहचान कर ली गई है। प्राथमिक सूचनाओं में दावे किए जा रहे हैं कि गर्भवती पत्नी के मेजर ऑपरेशन के खर्च की व्यवस्था करने के लिए वह निकला था। दो दिन बाद उसका शव मिला। इन सबके बीच शरीर के कुछ हिस्सों में चोट के निशान से मामला संदेहास्पद नजर आ रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम किया है और तथ्यों के आधार पर जांच की बात कही है।

पाली पुलिस ने स्थानीय लोगों की सूचना पर शव मिलने के मामले में मर्ग कायम किया है। मृतक की पहचान संजय कुमार श्याम निवासी लिटियाखार के रूप में की गई है, जो कुछ दिनों से हरदीबाजार में निवासरत था। संजय की पत्नी गर्भवती थी और हाल में ही उसकी सीजेरियन डिलेवरी होना था। जानकारी मिली कि पाली के विनायक हास्पिटल में पत्नी को एडमिट किया गया था, जहां पर चिकित्सक ने मेजर ऑपरेशन होने की जानकारी दी थी। स्वाभाविक रूप से इस पर बहुत ज्यादा खर्च आना था। सूत्रों का कहना है कि रविवार की रात संजय ने अपनी पत्नी को इस बारे में अवगत कराया और खर्च की व्यवस्था की बात कहकर निकल गया। वह किस उधेड़बुन में था, इसकी खबर उसके अलावा और किसी को नहीं थी। आगे क्या होने वाला था इस पर भी दूसरे लोग बेखबर थे। 48 घंटे बाद भी उसकी वापसी नहीं हुई। इस बीच पाली के 33 एकड़ वाले क्षेत्रफल वाले नौकोनिहा तालाब में वह मृत पाया गया।

मंगलवार की सुबह स्थानीय लोग तालाब के किनारे बने पथवे पर मॉर्निंग वॉक करने पहुंचे थे, जिन्होंने शव को देखा और पाली पुलिस को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में यहां पर लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेने के साथ पंचनामा किया। मृतक की पहचान कुछ लोगों ने संजय के रूप में की। उसके बाद इस तरह की जानकारी सामने आई। जिससे कयास लगाया गया कि पत्नी के ऑपरेशन और खर्च के टेंशन के चक्कर में शायद यह घटना हुई है। लेकिन शरीर पर गहरे जख्म के निशानों ने कई सवाल छोड़ दिए हैं। सवाल उठ रहा है कि तालाब की मछलियों ने ये हाल किया है या किसी और ने।

मृतक संजय कुमार श्याम की बाइक क्रमांक सीजी-12बीई-7714 कुछ दूरी पर मिली है। संभवतः वह इस बाइक के जरिए रात को यहां पहुंचा होगा। फिलहाल संजय श्याम की मौत होने से उसकी पत्नी और परिजनों को नई चिंता में डुबो दिया है। पुलिस ने कहा कि संबंधित तथ्यों के आधार पर इस मामले में सभी आवश्यक लोगों के बयान लिए जाएंगे और इसके आधार पर अगली कार्यवाही की जाएगी।

Spread the word