मालवाहकों के लिए पार्किंग का अड्डा बना सामुदायिक भवन, शिकायत के बाद कार्रवाई नहीं

कोरबा 05 सितम्बर। नगर पालिका परिषद कटघोरा के वार्ड क्रमांक 3 में स्थित बहुउपयोगी सांस्कृतिक भवन इन दिनों बदहाली का शिकार है। करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित यह भवन, जो नगरवासियों के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए बनाया गया था, वर्तमान में मालवाहक वाहनों की पार्किंग का अड्डा बनता नजर आ रहा है। भवन परिसर में ट्रक, पिकअप सहित अन्य लोडिंग वाहन खड़े होने से इसकी उपयोगिता प्रभावित हो रही है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार भवन परिसर में लंबे समय से नियमित सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह कचरे और मलबे का ढेर लगा हुआ है। परिसर में प्लास्टिक, शराब की खाली बोतलें और वाहनों से निकलने वाला कचरा बिखरा पड़ा है। वहीं नालियों के जाम होने से गंदगी और दुर्गंध की समस्या भी बनी हुई है। इससे मच्छर भी पनप रहे हैं। वार्डवासियों का कहना है कि सांस्कृतिक भवन की बदहाल स्थिति और परिसर में खड़े मालवाहक वाहनों को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष एवं सीएमओ से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। कहा जा रहा है कि सांठगांठ के कारण मामला स्थाई बन गया है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भवन परिसर को तत्काल मालवाहक वाहनों से मुक्त कराने, विशेष सफाई अभियान चलाने और अनधिकृत रूप से वाहन खड़े करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। साथ ही भवन की नियमित देखरेख के लिए कर्मचारी नियुक्त करने तथा पारदर्शी किराया व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई गई है।

Spread the word