तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव: घुटनों तक भरा पानी, घरों में घुसा नाली का गंदा पानी

कोरबा। कोरबा में शनिवार सुबह हुई तेज बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। कई वार्डों में नाली और नालों का गंदा पानी घरों में घुस गया। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई और नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।

नगर निगम क्षेत्र के आरपी नगर, चिमनी भट्टा, शारदा विहार, अमरैया पारा, मोती सागर पारा, सीतामणी और मुड़ापार में जलभराव की स्थिति ज्यादा खराब रही। चिमनी भट्टा में 40 से ज्यादा घरों में नाले का पानी कमरों तक पहुंच गया। इससे घरों का सामान, बच्चों की कॉपी-किताबें और खाने-पीने का सामान भीगकर खराब हो गया। कई परिवारों के लिए खाना बनाना भी मुश्किल हो गया। शारदा विहार के अटल आवास में भी 12 से ज्यादा घरों में नाली और नाले का गंदा पानी भर गया। गलियां पूरी तरह पानी में डूब गईं। घरों का सामान पानी में तैरता दिखाई दिया। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश में इन इलाकों में जलभराव होता है। नाली सफाई और पानी निकासी को लेकर कई बार नगर निगम और प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों ने कहा कि वार्ड नंबर 14 के चिमनी भट्टा और अमरैया पारा में हर साल यही स्थिति बनती है। लोगों ने जल्द जल निकासी की व्यवस्था ठीक करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Spread the word