चोटिया क्षेत्र में एनएच पर पहुंचा लोनर हाथीः थमी रफ्तार, हाथी मित्र व वन कर्मियों ने कराया पार

कोरबा 22 अगस्त। कटघोरा-अंबिकापुर एनएच-130 पर चोटिया में डंपिंग एरिया के निकट आज सुबह उस समय वाहनों की रफ्तार थम गई जब एक विशालकाय लोनर हाथी मुख्य मार्ग पर पहुंच गया।
लोनर के मुख्य मार्ग पर पहुंचने की जानकारी लगते ही हाथी मित्र दल के सदस्य तथा वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और सडक के दोनों ओर आवागमन को रोक एनएच पर बीचों-बीच चल रहे लोनर हाथी को सडक पार कराया। काफी देर तक हाथी सडक पर ही चलता रहा, बाद में वह सडक पार कर जंगल की ओर गया, तब स्थिति सामान्य हुई और वाहन चालक अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
ज्ञात रहे कटघोरा वनमंडल के पसान व केंदई रेंज में 51 की संख्या में हाथी अलग-अलग झुंडों में विचरण कर रहे हैं। इसमें एक दंतैल झुंड से अलग होकर केंदई रेंज के चोटिया क्षेत्र में पहुंच गया है जो आज सुबह 6.30 बजे के लगभग मुख्य मार्ग पर पहुंच गया, जिससे जाम की स्थिति बन गई और सडक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार भी लग गई। 10 अन्य हाथी केंदई रेंज के कोरबी सर्किल में घुम रहे हैं जबकि पसान रेंज के बनिया में 19, सूखाबहरा में 5, कोदवारी में 7 तथा 9 हाथी एक अन्य स्थान पर विचरणरत है।
पसान रेंज में मौजूद हाथियों ने बड़ी मात्रा में फसल को नुकसान पहुंचाया है, जिसका आंकलन वन विभाग द्वारा किया जा रहा है। हाथियों के उत्पात से ग्रामीण परेशान हैं, वहीं वन विभाग को निगरानी करने में दिक्कत हो रही है, क्योंकि हाथियों का दल अलग-अलग स्थानों में घूम रहा है।
