सीजेरियन के दौरान लोकगायिका हेमलता पटेल ने OT में गाया भरथरी गीत, VIDEO वायरल

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से लोककला और मातृत्व का अनोखा संगम सामने आया है। प्रसिद्ध भरथरी लोकगायिका हेमलता पटेल ने सीजेरियन डिलीवरी के दौरान ऑपरेशन थिएटर में डॉक्टरों के सामने भरथरी गीत गाया। इस अनोखे पल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग हेमलता पटेल के आत्मविश्वास और सहज अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
सीजेरियन के दौरान गाया भरथरी गीत
डिलीवरी के दौरान हेमलता पटेल ने ‘पहली मैं सुमिरन गणेश ल, विघ्न-बाधा के हरइया हे…’ पंक्तियां गाईं। इन पंक्तियों का भावार्थ है कि सबसे पहले भगवान गणेश का स्मरण किया जाए, क्योंकि वे संकट और विघ्नों को दूर करने वाले हैं।
आमतौर पर डिलीवरी के समय महिलाओं के बीच दर्द और तनाव का माहौल रहता है, लेकिन हेमलता पटेल ने इस दौरान बेहद सहज अंदाज में गीत गाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। ऑपरेशन थिएटर में उनकी आवाज गूंजती रही और इस खास पल का वीडियो भी रिकॉर्ड हो गया।
भरथरी और पंडवानी गायिका के रूप में पहचान
हेमलता पटेल गुंडरदेही ब्लॉक की रहने वाली हैं और भरथरी के साथ-साथ पंडवानी गायिका के रूप में भी जानी जाती हैं। बताया गया है कि वह पिछले करीब दो वर्षों से सार्वजनिक मंचों पर लोकगीतों की प्रस्तुति दे रही हैं।
सोमवार 17 अगस्त को उनकी डिलीवरी होनी थी। इसके लिए उन्हें ग्राम सिवनी स्थित उम्मीद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने सीजेरियन डिलीवरी कराने का निर्णय लिया।
एनेस्थीसिया के बाद शुरू किया गीत
ऑपरेशन से पहले हेमलता पटेल को एनेस्थीसिया दिया गया। इसके बाद डॉक्टर प्रदीप साहू और उनकी टीम सीजेरियन की प्रक्रिया में जुट गई। इसी दौरान हेमलता ने मुस्कुराते हुए भरथरी गीत गाना शुरू कर दिया।
कुछ ही देर में उनकी आवाज पूरे ऑपरेशन थिएटर में गूंजने लगी। इस दौरान मौजूद मेडिकल स्टाफ के लिए भी यह एक अलग और यादगार अनुभव रहा। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग लोकगायिका के इस अंदाज की सराहना कर रहे हैं।
स्वस्थ बच्चे को दिया जन्म
जानकारी के मुताबिक, सीजेरियन डिलीवरी के बाद हेमलता पटेल और उनका बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। ऑपरेशन थिएटर में उनके द्वारा गाया गया भरथरी गीत अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
