विश्व हाथी दिवस पर बुका में परिचर्चा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कोरबा 13 अगस्त। छत्तीसगढ़ शासन, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के तत्वावधान में विश्व हाथी दिवस-2026 के अवसर पर कटघोरा वनमंडल अंतर्गत बुका में हाथी संरक्षण एवं मानव-हाथी सह-अस्तित्व विषय पर परिचर्चा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हाथियों के इतिहास, महत्व, रहवास, जन-जागरूकता, संरक्षण एवं मानव-हाथी सह-अस्तित्व के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपस्थित जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को हाथियों के व्यवहार, उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण तथा हाथी प्रभावित क्षेत्रों में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के संबंध में जानकारी दी गई। इस अवसर पर ग्रामीणों से अपील की गई कि हाथियों के विचरण की सूचना प्राप्त होने पर अनावश्यक रूप से उनके समीप न जाएं, भीड़ एकत्रित न करें तथा वन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही हाथियों के सुरक्षित आवागमन के लिए उनके प्राकृतिक मार्गों एवं रहवास क्षेत्रों के संरक्षण में सहयोग देने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में मानव एवं हाथी के बीच संघर्ष को कम करने के लिए सामुदायिक सहभागिता, समय पर सूचना तंत्र, सतर्कता एवं जन-जागरूकता को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया। उपस्थित ग्रामीणों एवं प्रतिभागियों ने हाथी संरक्षण तथा सुरक्षित सह-अस्तित्व के लिए वन विभाग के साथ सहयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य हाथियों के प्रति समाज में संवेदनशीलता विकसित करना तथा ‘हाथी भी सुरक्षित रहें और मानव जीवन भी सुरक्षित रहे’ की भावना को मजबूत करना रहा।
